Constitution Day 2026: हर साल 26 नवंबर को मनाया जाने वाला संविधान दिवस (Constitution Day) हमें उस महान किताब की याद दिलाता है जिसने अलग-अलग भाषाओं, धर्मों, जातियों, परंपराओं और भौगोलिक क्षेत्रों में बसे भारत को एक साझा लोकतांत्रिक सूत्र में पिरोया। विविधताओं से भरे भारत देश में यह सबसे बड़ी चुनौती रहीं के साथ उपलब्धि भी रही कि एक ही संविधान ने बिना अलग-अलग लोगों की पहचानों मिटाए सबको समान सम्मान और सुरक्षा प्रदान की। आइए आज संविधान दिवस के अवसर पर जानते हैं कि भारतीय संविधान कैसे हमारी सांस्कृतिक विविधता की रक्षा करता है।
कैसे करता है Constitution भारत की विविधता की रक्षा (Photo - AI/Newsroom Verified)
मौलिक अधिकारों के जरिए समानता और स्वतंत्रता की गारंटी
संविधान के भाग-3 में दिए गए मौलिक अधिकार देश के हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव के सम्मानजनक जीवन जीने का आधार देते हैं। इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है कि उसकी जाति क्या है, लिंग क्या है, उनका जन्म स्थान क्या है और वह किस मूल वंश से है। वह एक भारतीय और इसके आधार पर उसे एक सम्मानजनक जीवन और समान अवसर प्रदान करता है। इतना ही नहीं हर व्यक्ति को उसका धर्म चुनने और उसका प्रचार करने का अधिकार है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - संविधान में 11 मौलिक कर्तव्य कौन से हैं, नागरिकों की जिम्मेदारियां
अल्पसंख्यकों और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण
देश की विविधता की रक्षा का एक सबसे अहम पहलू यह है कि छोटे या विशिष्ट समूहों की भाषा, लिपि और संस्कृति सुरक्षित किया जाए, जो देश के संविधान में किया गया है। जी हां, अनुच्छेद 29 और 30 के अनुसार, नागरिकों के किसी भी वर्ग को अपनी विशेष भाषा, लिपि या संस्कृति को सुरक्षित रखने का अधिकार दिया गया है। साथ ही अल्पसंख्यकों के लिए अपनी पसंद के शैक्षणिक संस्थान स्थापित करने और उनका प्रशासन चलाने का अधिकार भी सुनिश्चित किया गया है। लेकिन इन अधिकारों के साथ अनुच्छेद 51A के तहत नागरिकों से अपेक्षा भी की गई है कि वे हमारी सामासिक संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का महत्व समझे और उसका संरक्षण करें।
भाषाई और क्षेत्रीय विविधता को संवैधानिक स्थान
हम सभी जानते हैं कि भारत में कई भाषाएं और हजारों बोलियां बोली जाती है। यही कारण है कि कहा जाता है कि 'भारत की ताकत इसकी बोलियों, भाषाओं और क्षेत्रीय पहचानों में भी बसती है।' इसी भाषाई विविधता को संविधान ने स्वीकार करते हुए संवाद और प्रशासन के बीच संतुलन बनाया।
आठवीं अनुसूची और क्षेत्रीय भाषाएं - संविधान की आठवीं अनुसूची में विभिन्न भाषाओं को मान्यता दी गई है, जिससे शिक्षा, परीक्षाओं, प्रशासन और साहित्य में क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा मिलता है।
संवाद और एकता का तालमेल - स्थानीय भाषाओं की गरिमा बनाए रखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तालमेल की व्यवस्था विविध क्षेत्रों को जुड़ाव का अनुभव कराती है।
जानकारी के लिए बता दें कि भारत में आठवीं अनुसूची के तहत 22 भाषाओं को मान्यता दी गई है। लेकिन अगर जनगणना के अनुसार कहें तो यहां 121 प्रमुख भाषाएं और 19500 से अधिक बोलियां बोली जाती है।
संघीय ढांचा और विशेष प्रावधानों का संतुलन
आपको बता दें कि भारत का संविधान 'यूनियन ऑफ स्टेट्स' की अवधारणा पर आधारित है, जहां केंद्र और राज्यों के बीच शक्तियों का विभाजन किया गया है। इस बंटवारे से ही राज्यों को अपने क्षेत्र की परिस्थितियों, संस्कृति और विकास की प्राथमिकताओं के अनुसार काम करने का दायरा मिलता है। यह अनुसूचित क्षेत्रों, जनजातीय समुदायों और पूर्वोत्तर व अन्य विशेष क्षेत्रों की पारंपरिक रीतियों, भूमि/संसाधन व स्वायत्तता से जुड़े संवैधानिक प्रावधान उनकी विशिष्ट पहचान को बचाये रखने में मदद करता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - दिल्ली नर्सरी स्कूलों में अंकों के आधार पर कैसे होगा दाखिला
'यूनिटी इन डाइवर्सिटी' का जीवंत मॉडल
भारतीय संविधान में विविधता को कमजोरी नहीं, बल्कि शक्ति माना गया है। यह कानून के शासन, धर्मनिरपेक्षता, न्याय और बंधुत्व के जरिए यह दर्शाता है कि किस प्रकार हर व्यक्ति अपनी संस्कृति पर गर्व करते हुए भी राष्ट्र की साझा पहचान से जुड़ा हुआ है। यहां हर धर्म दूसरे धर्म का सम्मान करता है और सभी लोग एक दूसरे त्योहारों और अन्य कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हुए नजर आते हैं। यह कहना गलत नहीं है कि भारत की विविधता में ही खूबसूरती है।
