ET Now Global Business Summit 2024 : हर इंसान अपने करियर में सफल होना चाहता है। सफलता एक प्रक्रिया है जिसे लगातार अपनाना पड़ता है। सफलता के बाद असफलता और असफलता के बाद सफलता का यह क्रम चलता रहता है। इंसान को अपनी असफलता से सीखते हुए लगातार आगे बढ़ते रहना चाहिए। ये बातें ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट 2024 के दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट कोच पैडी उप्टॉन ने लेखक एवं कॉलमनिस्ट चेतन भगत के साथ बातचीत में कहीं।
ईटी नाउ ग्लोबल बिजनेस समिट 2024
सफलता के मायने अलग-अलग होते हैं-पैडी
चेतन भगत के इस सवाल पर कि सफल कैसे हुआ जा सकता है? इस पर पैडी ने कहा कि अलग-अलग लोगों के लिए सफलता के मायने अलग-अलग होते हैं। सफलता के लिए मोटिवेशन एवं इंस्पिरेशन की जरूरत होती है। हालांकि, ये दोनों चीजें अलग हैं। उन्होंने कहा कि 'मेरी यहां कुछ बातें लोगों को मोटिवेट कर सकती हैं लेकिन जब कोई अंदर से यह तय करने लगे कि उसे यह चीज करनी है तो यह इंस्पिरेशन होता है।'
'आप कैसे हैं, जवाब अच्छा मिले तो यह सफलता है'
पैडी ने आगे कहा, 'मेरे लिए सफलता का मायने अलग है। मुझे राहुल द्रविड़ के साथ काम करने का मौका मिला। राहुल द्रविड़ एक शानदार खिलाड़ी होने के साथ-साथ एक बहुत अच्छे इंसान हैं। ऐसे इंसान के साथ काम करना मेरे लिए एक सफलता है। क्या मैं और लोगों के लिए अच्छा हूं? और जवाब यदि अच्छा मिले तो यह मेरे लिए एक सफलता है।'
जीवन में सफलता-असफलता का दौर चलता रहता है-पैडी
दक्षिण अफ्रीकी कोच ने आगे कहा कि 'सफलता एक प्रक्रिया है। हम काम करते हैं और उससे सीखते हैं लेकिन कुछ चीजें सफलता की राह में अवरोधक का काम करती हैं। असुरक्षा की भावना, नकारात्मक सोच, डर और दबाव सलफता की राह में रोड़ा अटकाते हैं। हर आदमी के अंदर ये चीजें होती हैं लेकिन इन चीजों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। हर खिलाड़ी इनसे गुजरता है लेकिन इन चुनौतियों को स्वीकार करते हुए यदि धैर्य के साथ आगे बढ़ा जाए तो सफलता मिलती है।' पैडी ने कहा कि सफलता और असफलता का दौर चलता रहता है। इसलिए जरूरी है कि हम असफलता से सीखें और आगे बढ़ते रहें।
