Chandrayaan 3 Landing Live: ISRO अपने मून मिशन Chandrayaan-3 को 23 अगस्त की शाम 05:30 बजे से 06:30 बजे के बीच चांद की सतह पर लैंड करेगा। यह वो पल है जिसका 140 करोड़ भारतवासियों का इंतजार है। देशभर में चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना की जा रही है। भारत के इस मून मिशन पर पूरी दुनिया की नजर है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों के छात्र भारत के मून मिशन को लाइव देखेंगे। योगी सरकार ने आदेश जारी किया है कि सभी स्कूलों में चंद्रयान 3 की लैडिंग का लाइव टेलीकास्ट किया जाए और छात्रों को दिखाया जाए।
Chandrayaan 3 Landing Live in UP Schools
सरकार द्वारा सभी जिलों के प्राचार्य और सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर कहा गया है कि भारत की अंतरिक्ष अन्वेषण की खोज चंद्रयान 3 मिशन के साथ एक उल्लेखनीय मील के पत्थर तक पहुंच गई है। चंद्रमा पर चंद्रयान 3 उतरने की तैयारी में है। इस अवसर पर 23 अगस्त शाम को चंद्रयान 3 की चंद्रमा पर उतरने की प्रक्रिया का लाइव प्रसारण यूट्यूब और डीडी नेशनल पर किया जाएगा।
यूपी सरकार का आदेश
अपर राज्य परियोजना निदेशक मधुसूदन हुल्गी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इस अवसर पर प्रदेश के सभी विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में चंद्रयान 3 की उतरने की प्रक्रिया का प्रसारण किया जाए। इस अवसर पर छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित हों। पत्र में कहा गया है कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी संबोधित करेंगे।
बता दें कि इसरो ने चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग 14 जुलाई 2023 को दोपहर 2:35 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से की थी और आज यानी 23 अगस्त को चंद्रयान 3 चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। यह पल संपूर्ण भारत के लिए बेहद गौरवपूर्ण है। चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल चांद के पास चक्कर लगा रहा है। आज शाम को इसकी चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग (Soft Landing) की उम्मीद है।
