CGBSE 10th-12th Practical Exam Instructions: छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए अहम अपडेट है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2026-27 की प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क का शेड्यूल जारी कर दिया है। नियमित विद्यार्थियों की ये परीक्षाएं 1 जनवरी से 30 जनवरी 2027 के बीच उनके संबंधित स्कूलों में आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने इस बार प्रैक्टिकल परीक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। अगर कोई विद्यार्थी तय तारीख पर परीक्षा में शामिल नहीं होता है, तो उसे दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों को अनुपस्थित माना जाएगा। इसलिए छात्रों को अपने स्कूल से परीक्षा की तारीख पहले ही पता कर लेनी चाहिए।
छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क का शेड्यूल जारी (Image- AI Generated/Newsroom Verified)
बोर्ड के अनुसार, 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं दो पालियों में होंगी।
| पाली | परीक्षा का समय |
| पहली पाली | सुबह 8 से 11 बजे |
| दूसरी पाली | दोपहर 2 से शाम 5 बजे |
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मार्किंग स्कीम क्या है? बोर्ड परीक्षा में टॉपर बनने में करती है बड़ी मदद
प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए बाहरी परीक्षक की नियुक्ति बोर्ड करेगा। स्कूल अपनी मर्जी से किसी बाहरी परीक्षक को नियुक्त नहीं कर सकेंगे। वहीं, प्रोजेक्ट वर्क का मूल्यांकन संबंधित स्कूल के विषय शिक्षक ही करेंगे।
31 जनवरी तक अपलोड करने होंगे नंबर
प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट वर्क पूरा होने के बाद स्कूलों को 31 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन पोर्टल पर अंक दर्ज करने होंगे। नंबर अपलोड करने के बाद उनकी दोबारा जांच करना जरूरी होगा। बाहरी परीक्षक और प्राचार्य के हस्ताक्षर के बाद दो प्रतियां निकालकर पोर्टल लॉक करना होगा।
बोर्ड ने साफ किया है कि रिजल्ट घोषित होने के बाद प्रैक्टिकल या प्रोजेक्ट के अंकों में बदलाव के लिए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन नंबर दर्ज करने में गलती होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी विशेष सुविधा
40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले विद्यार्थियों की मांग पर स्कूलों को लेखक, रीडर या लैब असिस्टेंट की सुविधा देनी होगी।
छात्रों और स्कूलों के लिए जरूरी बातें
- परीक्षा की तारीख अपने स्कूल से पहले ही पता करें।
- तय समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें।
- प्रोजेक्ट वर्क निर्धारित समय में पूरा करें।
- स्कूलों को उत्तर पुस्तिकाओं और अंकों के रिकॉर्ड सुरक्षित रखने होंगे। इन्हें रिजल्ट घोषित होने के बाद छह महीने तक संभालकर रखना होगा।
इसलिए विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल परीक्षा को हल्के में नहीं लेना चाहिए। अनुपस्थित रहने पर दोबारा परीक्षा का विकल्प नहीं दिया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Smart Study Tips: घंटों पढ़ने की जरूरत नहीं! इन तरीकों से करें स्मार्ट स्टडी
