CBSE Revaluation 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 12वीं के नतीजों के बाद शुरू हुई रिवैल्यूएशन और आंसर कॉपियों की स्कैन कॉपी प्राप्त करने की प्रक्रिया लगातार विवादों के घेरे में बनी हुई है। देश भर के हजारों छात्र पिछले कई दिनों से बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल पर बहुत अधिक टेक्निकल ग्लिच का सामना कर रहे हैं। इन भारी दिक्कतों को देखते हुए सीबीएसई ने छात्रों को एक बड़ी राहत दी है और स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करने की डेडलाइन को आगे बढ़ा दिया है। अब छात्र 24 मई 2026 तक अपनी कॉपियों की स्कैन कॉपी मंगाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
CBSE Revaluation 2026
सर्वर डाउन और पेमेंट फेल होने से बढ़ी मुश्किलें
सीबीएसई का रिवैल्यूएशन पोर्टल शुरुआत से ही तकनीकी खामियों का शिकार रहा है। छात्रों और अभिभावकों का आरोप है कि वेबसाइट का सर्वर लगातार डाउन चल रहा है। कई छात्र जब घंटों की मशक्कत के बाद लॉगिन कर भी पा रहे हैं, तो अंतिम चरण में उनका पेमेंट फेल हो जा रहा है। कई मामलों में छात्रों के बैंक खातों से पैसे कट गए हैं, लेकिन पोर्टल पर आवेदन कन्फर्म नहीं दिखा रहा है। इन गंभीर दिक्कतों के चलते हजारों छात्र चाहकर भी अपनी जांची हुई कॉपियों की स्कैन कॉपी के लिए समय पर आवेदन नहीं कर पा रहे।
सीबीएसई ने दी एक दिन की राहत, 24 मई हुई आखिरी तारीख
पोर्टल पर मची इस अफरा-तफरी और छात्रों के बढ़ते मानसिक तनाव को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने छात्रों को राहत देते हुए कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई फोटो कॉपी प्राप्त करने की डेडलाइन आगे बढ़ाई। अब उम्मीदवार 24 मई 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी कॉपियों के लिए ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं। बोर्ड के इस फैसले से उन छात्रों को बड़ी राहत मिली है जो तकनीकी गड़बड़ियों के कारण पीछे छूट गए थे।
