BPSC 70th Combined Competitive Examination result : बिहार 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का फाइनल रिजल्ट को लेकर बिहार लोक सेवा आयोग ने बड़ा अपडेट दिया है। आयोग के अनुसार, परीक्षा प्रक्रिया के तहत रिकॉर्ड संख्या में लगभग 5,400 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार (इंटरव्यू) पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही सभी अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच (Medical Examination) की प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक संपन्न कर ली गई है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है।
बिहार 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का फाइनल रिजल्ट
आयोग द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के अंतिम परिणाम की घोषणा अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। आवश्यक औपचारिकताओं और प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद परिणाम जारी किया जाएगा। आयोग ने भरोसा दिलाया है कि अंतिम परिणाम जल्द से जल्द घोषित करने के लिए सभी स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। आयोग की ओर से दी गई सूचना के अनुसार, जून महीने के तीसरे सप्ताह में रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा बिहार की सबसे प्रतिष्ठित भर्ती परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। इसके माध्यम से राज्य प्रशासनिक सेवा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। रिकॉर्ड संख्या में अभ्यर्थियों के इंटरव्यू और मेडिकल परीक्षण पूरा होने के बाद अब उम्मीदवारों की निगाहें केवल अंतिम मेरिट सूची पर टिकी हुई हैं।
बीपीएससी के अनुसार, वर्तमान में परिणाम तैयार करने से जुड़ी शेष प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। इन्हें समयबद्ध तरीके से निपटाने के बाद परीक्षा का अंतिम परिणाम इसी माह के तीसरे सप्ताह तक जारी किए जाने की संभावना है। आयोग की इस घोषणा के बाद हजारों अभ्यर्थियों की उत्सुकता बढ़ गई है, जो लंबे समय से अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। परिणाम जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति प्रक्रिया के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।
