Bihar School Closed: बिहार में ठंड का कहर जारी है और ऐसे में बहुत ज्यादा ठंड को लेकर बच्चों की सेफ्टी का ध्यान रखते हुए प्रशासन ने कई फैसले लिए हैं। राजधानी पटना में बहुत ज्यादा ठंड को देखते हुए प्री स्कूल से लेकर कक्षा 8वीं तक के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। ये स्कूल 8 जनवरी तक बंद रहेंगे। कक्षा 8वीं से ऊपर के स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अब कक्षा 8वीं के ऊपर के स्कूल सुबह 10:30 बजे से लेकर दोपहर 3:30 बजे तक खुले रहेंगे।
Patna School Closed
शीतलहर के चलते लिया फैसला
पहले स्कूल बंद रखने के आदेश 5 जनवरी तक थे मगर अब प्रशासन ने इसे बढ़ाकर 8 जनवरी तक कर दिया गया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागरजन एस एम ने ये आदेश जारी किया है। पटना जिलाधिकारी ने ये आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जारी किया है। आदेश में ये साफ किया गया है कि छोटे बच्चों में ठंड के प्रति ज्यादा संवेदनशीलता होती है। ऐसे में उनकी सेहत पर इसका गलत असर पड़ सकता है। ऐसे में बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है।
स्कूल प्रशासन को दिए सख्त निर्देश
अब ये कक्षाएं सुबह घने कोहरे से बचने के लिए 10:30 बजे से पहले शुरू नहीं होंगी और दोपहर 3:30 बजे के बाद हर हाल में क्लासेज बंद कर दी जाएंगी। ऐसे में स्कूल प्रशासन को निर्देश दिया जाता है कि ठंड से बचने के लिए इन निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
पटना में ठंड का कहर
बताते चलें कि कुछ दिनों से पटना में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। सुबह के समय विजिबिलिटी कम होने की वजह से स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों दोनों को ही घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है।
