Australia Study Visa Rules: विश्व स्तरीय शिक्षा, आधुनिक विश्वविद्यालय और अंतरराष्ट्रीय करियर के अवसरों के कारण Australia हमेशा से भारतीय छात्रों की पहली पसंद रहा है। हजारों छात्र हर साल ऑस्ट्रेलिया से हायर एजुकेशन प्राप्त करने का सपना लेकर वहां की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में आवेदन प्राप्त करते हैं। लेकिन यहां से शिक्षा प्राप्त करने के लिए केवल आपका किसी संस्थान में एडमिशन प्राप्त करना काफी नहीं है। क्योंकि बिना वीजा के आप विश्वविद्यालय में भले ही प्रवेश प्राप्त कर लें, लेकिन पढ़ाई नहीं कर पाएंगे। आपको बता दें कि, हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने अपने अंतरराष्ट्रीय शिक्षा ढांचे को अधिक पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने के लिए छात्र वीजा (Subclass 500) के नियमों में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। यदि आप भी ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई का सपना देख रहे हैं, तो आवेदन करने से पहले नए नियमों, आवश्यक वित्तीय मापदंडों और वीजा शर्तों को समझना बेहद जरूरी है, ताकि आपकी वीजा फाइल रिजेक्ट न हो।
Australia Study Visa Rules (Photo - AI/Newsroom Verified)
जेन्यून स्टूडेंट टेस्ट हुआ अनिवार्य
ऑस्ट्रेलियाई गृह मंत्रालय ने पहले से चले आ रहे 'जेन्यून टेम्परेरी एंट्रेंट' (GTE) नियम को खत्म कर अब 'जेन्यून स्टूडेंट' (GS) टेस्ट को लागू कर दिया है। इसे लागू करने के पीछे इसका मुख्य उद्देश्य नियम के तहत यह जांचना होता है कि छात्र का प्राथमिक उद्देश्य केवल पढ़ाई करना है या नहीं। आवेदन के दौरान छात्रों को अपनी शैक्षणिक पृष्ठभूमि, चुने गए कोर्स की उपयोगिता, अपने गृह देश (भारत) से पारिवारिक/आर्थिक संबंधों और भविष्य के करियर प्लान को स्पष्ट रूप से समझना होता है। ताकि उन्हें वीजा मिल सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Australia में क्या है स्टडी वीजा का नियम? भारतीय छात्रों को इन बातों का रखना है ध्यान
वित्तीय क्षमता और फंड्स का ठोस सबूत
वीजा आवेदन को मंजूरी दिलाने के लिए मजबूत वित्तीय दस्तावेज दिखाना सबसे महत्वपूर्ण चरण है। प्राथमिक छात्र के लिए सालाना न्यूनतम लिविंग कॉस्ट का मानक 29,710 AUD (ऑस्ट्रेलियाई डॉलर) निर्धारित है। छात्र को 1 साल की ट्यूशन फीस, 1 साल का रहने का खर्च (लिविंग कॉस्ट) और आने-जाने का हवाई किराया बैंक खाते में दिखाना अनिवार्य है। 3 से 6 महीने पुराना स्थिर बैंक बैलेंस, माता-पिता का आईटीआर (ITR) या किसी राष्ट्रीयकृत बैंक से स्वीकृत एजुकेशन लोन लेटर को ही वैध माना जाता है।
अंग्रेजी भाषा की पात्रता और परीक्षा
ऑस्ट्रेलियाई यूनिवर्सिटीज और वीजा प्रक्रिया दोनों के लिए अंग्रेजी भाषा परीक्षा में बेहतर अंक हासिल करना जरूरी है। बैचलर या मास्टर डिग्री प्रोग्राम के लिए आमतौर पर ओवरऑल 6.0 से 6.5 बैंड (IELTS) या इसके समकक्ष PTE स्कोर की आवश्यकता होती है। कुछ वोकेशनल कोर्सेज के लिए न्यूनतम अंकों में छूट मिलती है, लेकिन उच्च डिग्री प्रोग्राम्स के लिए भाषा दक्षता में कोई समझौता नहीं किया जाता।
पोस्ट-स्टडी वर्क राइट्स
पढ़ाई पूरी करने के बाद ऑस्ट्रेलिया में काम करने के अवसर भारतीय छात्रों को सबसे ज्यादा आकर्षित करते हैं। यहां पढ़ाई की सबसे आकर्षक बात भी यही है कि आपको पढ़ाई के बाद वर्क के लिए पोस्ट स्टडी वर्क राइट्स मिलते हैं बस आपको उसके आधार पर पोस्ट स्टडी वर्क वीजा लेना होता है। बता दें कि बैचलर और मास्टर डिग्री पूरी करने वाले छात्रों को उनके कोर्स और क्षेत्र (रीजनल या नॉन-रीजनल यूनिवर्सिटी) के आधार पर 2 से 3 वर्ष तक का पोस्ट-स्टडी वर्क वीजा मिलता है। लेकिन इसमें भी आपके लिए सिडनी या मेलबर्न जैसे मुख्य शहरों के बजाय ऑस्ट्रेलिया के रीजनल एरिया की यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करना जरूरी है। तभी आपको अतिरिक्त वर्क राइट्स का लाभ मिलता है।
पार्ट-टाइम काम के नियम
ऑस्ट्रेलियाई सरकार अंतरराष्ट्रीय छात्रों को अपनी पढ़ाई के साथ-साथ दैनिक खर्च निकालने के लिए पार्ट-टाइम काम की इजाजत देती है। इसके लिए उम्मीदवार को सेमेस्टर या पढ़ाई के दौरान हर दो सप्ताह में केवल 48 घंटे काम करने का अधिकार होता है। सेमेस्टर ब्रेक या आधिकारिक छुट्टियों के दौरान छात्र बिना किसी समय सीमा के फुल-टाइम काम कर सकते हैं।
यूनिवर्सिटी और कोर्स का सही चुनाव
नए वीजा नियमों के तहत अब उन आवेदनों को अधिक प्राथमिकता दी जा रही है जहां छात्र के पुराने शैक्षणिक बैकग्राउंड और नए कोर्स के बीच स्पष्ट संबंध होता है। बिना किसी ठोस कारण के अचानक पढ़ाई के लिए स्ट्रीम बदलने पर वीजा रिजेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए आपको अपने कोर्स का चयन करते हुए ध्यान देना जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Canada में पढ़ाई के लिए भारतीय छात्रों के लिए क्या है नियम, कौन कर सकता है आवेदन
आवेदन के लिए क्या है प्रक्रिया?
स्टेप 1 - अपनी पसंद की यूनिवर्सिटी में आवेदन करें और ऑफर लेटर प्राप्त करें।
स्टेप 2 - पहले सेमेस्टर की फीस जमा कर 'कन्फर्मेशन ऑफ एनरोलमेंट' (CoE) पत्र प्राप्त करें।
स्टेप 4 - बैंक फंड्स, आईटीआर और हेल्थ इंश्योरेंस (OSHC) तैयार रखें।
स्टेप 5 - सबक्लास 500 वीजा फॉर्म भरें, जेन्यून स्टूडेंट (GS) प्रश्नों का उत्तर दें और निर्धारित वीजा फीस के साथ फाइल सबमिट करें।
ऑस्ट्रेलिया में अपनी पढ़ाई का सपना पूरा करने के लिए केवल कागजी प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि सही समय पर आवेदन करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। अपने सभी दस्तावेज और वित्तीय प्रमाण पत्र पहले से पारदर्शी रखकर आप आसानी से अपना वीजा हासिल कर सकते हैं। छात्रों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले नियमों को ध्यान से पढ़ें और उसके आधार पर आगे की तैयारी करें।
