Umesh Pal murder case: प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल शूटआउट केस में बिरयानी कनेक्शन सामने आया है। बताया जा रहा है कि वारदात में जिस क्रेटा कार का इस्तेमाल हुआ था वह बिरयानी शॉप संचालक नफीस अहमद की थी जो कि बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद का करीबी है। हालांकि नफीस ने कुछ महीने पहले ही इस कार को एक महिला को बेच दिया था। यह कार शहर के जीटीबी नगर इलाके में रहने वाली रुखसार नाम की महिला को बेची गई थी। बिना नंबर की इस क्रेटा कार को पुलिस ने बाहुबली अतीक अहमद के घर के पास से बरामद किया था।
बाहुबली अतीक अहमद तक जुड़े हत्याकांड के तार।
क्रेटा कार मालिक तक पहुंची पुलिस
इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर पुलिस ने अब कार मालिकों का पता लगा लिया है। नफीस की बिरयानी शॉप सिविल लाइंस इलाके में 'ईट ऑन' के नाम से चलती है। वारदात में कार की भूमिका सामने आने के बाद एसटीएफ ने नफीस के घर और रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। जिस महिला को कार बेची गई थी वह भी फरार है। नफीस और रुखसार के फरार होने की वजह से जांच एजेंसियों को इन पर शक और गहरा गया है।
