Durg News: दुर्ग जिले के आर्य नगर में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपति ने पहले अपने दो मासूम बच्चों की हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
दुर्ग जिले की घटना। -प्रतीकात्मक घटना
संयुक्त परिवार में रहता था साहू का परिवार
दरअसल, मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), बेटे यशांत साहू (11 वर्ष) और बेटी दृष्णा साहू (13 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गोविंद साहू शेयर मार्केट का काम करते थे, जबकि उनकी पत्नी गृहिणी थीं। परिवार एक निजी मकान में रहता था और संयुक्त परिवार में तीनों भाई साथ रहते थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जब घर पहुंची तो पति-पत्नी के शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि दोनों बच्चे बेड पर मृत अवस्था में पड़े थे। बच्चों के गले पर निशान मिलने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को पहले नींद का इंजेक्शन दिया गया होगा, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारी
मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। पुलिस इस नोट की जांच कर रही है। एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल समेत अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
