पहले अपराधियों की कहानी, फिर हादसे का बहाना और आखिर में कबूलनामा; ड्राइवर ने ऐसे रची अधिकारी की हत्या की पूरी साजिश

बिहार के रोहतास में डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि वारदात किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उनके ही ड्राइवर मिथिलेश ने की थी।

Rohtas News: बिहार के रोहतास जिले के डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात को किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि खुद कार्यपालक पदाधिकारी के ड्राइवर मिथिलेश ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है। मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने रविवार को औरंगाबाद पहुंचकर घटनास्थल और पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के दौरान चालक के बयानों में लगातार विरोधाभास सामने आया। इसी वजह से पुलिस का शक उस पर गहराता चला गया।

Rohtas Executive Officer Vimal Kumar Murder

रोहतास में अफसर का कत्ल, हत्यारा निकला अपना ही ड्राइवर

बार-बार बदलता रहा चालक का बयान

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद चालक ने शुरुआत में दावा किया कि दो बाइक पर सवार बदमाशों ने हमला कर कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या की। बाद में उसने आरोपियों की संख्या घटाकर एक बाइक सवार कर दी। इसके बाद उसने घटना को सड़क दुर्घटना बताने की कोशिश की। लगातार बदलते बयानों ने पुलिस को संदेह में डाल दिया। इसके बाद जब पुलिस ने चालक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी वारदात कबूल कर ली। पूछताछ में उसने हत्या की वजह, वारदात को अंजाम देने के तरीके और घटना को लूट व दुर्घटना का रूप देने की अपनी कोशिशों के बारे में जानकारी दी।

End of Feed