Raja Bhaiya Wife: यूपी के बाहुबली नेता और प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया तो अक्सर सुर्खियों में रहते ही हैं। इन दिनों उनकी पत्नी भानवी कुमारी भी सुर्खियों में हैं। भानवी ने कुछ ऐसा किया है जिससे प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
राजा भैया की पत्नी ने MLC अक्षय प्रताप सिंह पर लगाए गंभीर आरोप
भानवी कुमारी ने राजा भैया के करीबी और MLC अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बताया जाता है कि अक्षय प्रताप को राजा भैया छोटे भाई की तरह मानते हैं।
भानवी ने अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। दिल्ली में भानवी की ओर से दर्ज कराई गई FIR में फर्जी सिग्नेचर के जरिए शेयर हथियाने का आरोप लगाया है।
भानवी कुमारी के अनुसार, आरोपी अक्षय प्रताप सिंह ने धोखाधड़ी से कंपनी श्री दा प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड के शेयर प्राप्त किए हैं, जिसमें वह निदेशक और शेयरधारक हैं। भानवी कुमारी ने दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल भैया सहित 5 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
