Nalanda News: नालंदा में चार पर्यटकों की मौत से हड़कंप मच गया है। अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर स्थित दिगंबर जैन धर्मशाला में संदिग्ध स्थिति में चार पर्यटकों के शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सभी पर्यटक बेंगलुरु के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मरने वालों में दो महिला और दो पुरुष है। दिगंबर जैन धर्मशाला के मैनेजर ने बताया कि सभी लोग 31 जनवरी को राजगीर आए थे और सभी लोग कमरे में ठहरे थे। दो दिन ठहरने के बाद यह लोग आगे के समय के लिए और भी पैसा जमा कर गए थे। मैनेजर ने बताया कि सभी लोग बैंगलोर से नेपाल गए थे और नेपाल के बाद राजगीर पहुंचे थे, जहां से इन्हें पावापुरी जल मंदिर जाना था और उसके बाद वापस लौटना था। मगर कल शाम से हल्की-हल्की बदबू आ रही थी तो आज सुबह देखा तो यह कमरे से आ रही थी।
दिगंबर जैन धर्मशाला में चार पर्यटकों के शव मिलने से हड़कंप
इसके बाद राजगीर थाना पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो देखा गया कि एक व्यक्ति फांसी पर लटका हुआ है और तीन लोगों का शव जमीन पर पड़ा हुआ है। पुलिस ने कमरे को चारों ओर से फिलहाल सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि पर्यटकों की मौत का कारण क्या है।
चारों शव लटके मिले
वहीं, एक अलग मीडिया रिपोर्ट में पुलिस के अनुसार बताया गया कि कमरा अंदर से बंद था। बदबू आने पर धर्मशाला प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा खोलने पर चारों शव फंदे से लटके पाए गए। थाना प्रभारी रमन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी संभावित एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं, मृतकों की पहचान की भी प्रक्रिया चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने दैनिक जागरण को बताया कि एफएसएल की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही।
