Buxar Tripal Murder: बिहार का बक्सर जिला आज सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। यहां बालू गिराने को लेकर हुए विवाद में अंधाधुंध गोलीबारी हुई। जिसमें तीन लोगों की गोललगने से मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर राजपुर पुलिस के साथ सदर एसडीओपी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गई। वहीं घायलों को इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
बक्सर में ट्रिपल मर्डर
गोलीबारी की यह घटना बक्सर के राजपूर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में सुबह-सुबह हुई। मृतक की पहचान अहियापुर निवासी 40 वर्षीय सुनील सिंह पिता दया शंकर सिंह, 50 वर्षीय विनोद सिंह पिता बबन सिंह और 35 वर्षीय वीरेंद्र सिंह पिता काशीनाथ सिंह है। वहीं दो घायल व्यक्तियों में 40 वर्षीय पूजन सिंह पिता ललन सिंह और 35 वर्षीय मंटू सिंह पिता दया शंकर सिंह शामिल हैं।
बालू गिराने को लेकर चल रहा था विवाद
राजपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि अहियापुर गांव के सामने मेन रोड पर सुनील सिंह की पहले से बालू बिक्री की दुकान थी। इस दुकान के बगल में ही गांव के मनोज मुखिया और उसके भाई संतोष ने अपनी बालू गिरा दी। सुनील सिंह ने मनोज को अपनी दुकान के बगल में दुकान खोलने से रोका। इस बात पर दोनों में काफी विवाद हुआ था। जिसके बाद शुक्रवार को मनोज ने फिर से सुनील की दुकान के बगल बालू गिरा दी। जिसपर दोनों पक्षों में काफी झड़प हुई। लेकिन शुक्रवार को सुनील सिंह के घर में बारात आनी थी। इस वजह से उसका परिवारा शांत हो गया।
हथियारों के साथ पहुंचा दूसरा पक्ष
शनिवार सुबह जब सुनील सिंह का परिवार बारात को विदा करने में व्यस्त था। इसी दौरान दूसरा पक्ष हथियारों के साथ वहां पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी। जिससे सुनील सिंह और विनोद सिंह को गोली लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वीरेंद्र यादव ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दो अन्य लोग इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरू कर दी है और हमलावरों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
