Kanjhawala Case: आखिर सवालों के घेरे में क्यों है अंजलि की दोस्त, जानें अपडेट्स

  • Authored by: ललित राय
  • Updated Jan 4, 2023, 07:32 AM IST

कंझावला कांड की जांच कितनी आगे बढ़ी उसके बार में हर अपडेट की जानकारी देंगे। इसके साथ ही स्कूटी पर एक और सवार लड़की ने जिस तरह से अपनी बातों को रखा है, उसके बाद कई सवाल उठ रहे हैं।

31 दिसंबर की रात अंजलि और उसके परिवार के लिए काली रात साबित हुई। अंजलि अब इस दुनिया में नहीं है। मौत की वजह कार के जरिए करीब 12 किमी घसीटा जाना है। इस मामले में कुल पांच आरोपी गिरफ्तार हैं और दिल्ली पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है। पहले सवाल यह था कि स्कूटी पर क्या अंजलि अकेले सवार थी। लेकिन सीसीटीवी को जब खंगालने का काम शुरू हुआ तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आने लगी। सीसीटीवी से पता चला कि ओयो होटल के बाहर अंजलि के साथ एक और लड़की है। अंजलि और वो लड़की आपस में लड़ती झगड़ती हैं। कुछ देर के बाद वो लड़की स्कूटी चलाती है, फिर आगे जाकर अंजलि स्कूटी ड्राइव करने लगती है। कार सवारों से टक्कर के समय अंजलि कार के नीचे आ जाती है, पीछे बैठी लड़की को हल्की चोट आती है, वो कुछ देर बाद घर चली जाती है। लेकिन असल सवाल यह कि उस लड़की ने घटना के बाद पुलिस को जानकारी क्यों नहीं दी। वो लड़की पुलिस और मीडिया के सामने तब आती है जब सीसीटीवी के जरिए उसकी पहचान होती है।

आज के अपडेट्स

  • कंझावला कांड में आरोपियों की कोर्ट में पेशी
  • दिल्ली पुलिस को एफएसएल की रिपोर्ट आज मिलने की संभावना
  • दिल्ली पुलिस आज गृहमंत्रालय के सामने पेश कर सकती है रिपोर्ट
  • आरोपियों की रिमांड आज हो रही है खत्म
  • कुल पांच आरोपी किए गए हैं गिरफ्तार

अंजलि की दोस्त का क्या है कहना

अंजलि की दोस्त का यह कहना कि वो बदहवाश हो गई थी उसे कुछ सूझ नहीं रहा था। उसे लगा कि उसकी दोस्त को कार सवार छोड़ देंगे। उसे हल्की सी चोट आई थी। कुछ देर बाद वो हादसे वाली जगह उठी और अपने घर चली गई। उसे लगा कि वो किसी मुश्किल में पड़ जाएगी लिहाजा उसने कुछ बोलना उचित नहीं समझा। लेकिन पुलिस वालों ने जब उससे संपर्क किया तो उसने सारी बात बता दी। अब सवाल यह है कि जब अंजलि खुद अधिक शराब के नशे में थी उसने स्कूटी क्यों चलाने दी। वो उस समय अपने करीबी किसी को बुला सकती है। लेकिन इस सवाल के जवाब में उसने कहा कि रात के दो बज गए थे लिहाजा किसी को बुला पाना संभव नहीं था। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि वो घरवालों या पुलिस को बता सकती थी। इसके अलावा उसने बताया कि अंजलि का उसके बॉयफ्रेंड के साथ झगड़ा हुआ था और वो अपसेट थी।

End of Feed