Government Teacher Shot Dead: दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान में एक सरकारी शिक्षक रामाश्रय यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रामाश्रय यादव अपने स्कूल जा रहे थे जब अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेरकर गोली मार दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना से स्थानीय लोग और शिक्षक समुदाय में रोष व्याप्त है और पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है।
दरभंगा में टीचर का मर्डर
अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या की
दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में स्कूल जा रहे एक सरकारी शिक्षक की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक शिक्षक की पहचान कुशेश्वरस्थान पूर्वी उत्क्रमित उच्च विद्यालय अदलपुर के शिक्षक रामाश्रय यादव के रूप में कई गई है। वह मोटरसाइकिल से अपने साथ काम करने वाली महिला शिक्षिका के साथ जा रहे थे। पुलिस कैप पहने अपराधियों ने पहले गाड़ी रोकी फिर कागजात दिखाने कहा, जब रामाश्रय कागजात निकालने झुके तो अपराधियों ने पहेल सीने में और फिर सिर में दो गोली मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची कुशेश्वरस्थान थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, रामाश्रय दरभंगा के बहेड़ा गांव रहने वाले थे और आज सुबह अपने गांव से स्कूल जा रहे थे, इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने घेरकर उन्हें गोली मार दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई है। हत्या की घटना से शिक्षकों में पुलिस प्रशासन के प्रति रोष फैल गया है।
