गाजियाबाद (Ghaziabad) में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां एक शख्स, अपनी ही पत्नी की हत्या करके एसएसपी ऑफिस पहुंच गया। पति को पत्नी पर अवैध संबंध का शक था। वो पिछले एक साल से पत्नी को मारने का प्लान बना रहा था।
गाजियाबाद में पति ने पत्नी को मार डाला
पति ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और वो जाकर लाश को रिकवर कर ले। उसे पत्नी को मारने का कोई पछतावा नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय महिला का किसी अन्य के साथ अफेयर था, जिसका पता उसके पति को चल गया था। वो काफी समय से उसे मारने की कोशिश कर रहा था, लेकिन असफल रहा था। आरोपी पति राज मिस्त्री का काम करता है।
इसी बीच गुरुवार को उसने अपनी पत्नी से कहा कि वो उसे जॉब लगवा देगा। इसी बहाने वो उसे घर से लेकर निकला। रास्ते में घुमाते-घुमाते उसे ट्रोनिका सिटी ले गया। वहां उसने पत्नी से कहा कि वो पेशाब करके आता है, वो यहीं रुके। पत्नी वहीं रुक गई, पति पीछे से आया और हथौड़े से सिर पर वार कर दिया। पत्नी एक ही वार में जमीन पर गिर गई। जिसके बाद उसने चाकू निकाला और उस पर वार कर दिया। जब कंफर्म हो गया कि उसकी पत्नी मर गई है, तब वो पुलिस के पास पहुंच गया।
पुलिस के पास पहुंच कर उसने कहा- "मैंने अपनी पत्नी को मार डाला है, मैं आपको लाश के पास ले चलता हूं।" यह सुनकर पुलिस चौंक गई और आरोपी को हिरासत में लेकर उसके बताए गए जगह पर पहुंची। जहां महिला की लाश पड़ी हुई थी।
