जबलपुर : जबलपुर में लिफ्ट देने के बहाने एक महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, महिला अपनी ननद के घर भेड़ाघाट से गांव जाने के लिए निकली थी। इस दौरान महिला अंधमूक बाईपास के पास पहुंची ही थी कि तभी सफेद रंग की स्विफ्ट कार से आए आरोपियों ने महिला को लिफ्ट देकर घर छोड़ने का झांसा दिया और कार में बैठा लिया। आरोप है कि खजरी खिरिया बाईपास होते हुए आरोपी महिला को मझौली थाना क्षेत्र के निगई गांव ले गए, जहां तालाब के किनारे ले जाकर सभी ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। फिलहाल, पुलिस ने पीड़िता की निशानदेही पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
महिला के पुराने परिचित हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक गैंगरेप की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी संजू और दीपक महिला के पुराने परिचित थे। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने महिला को लिफ्ट देने का झांसा दिया और उसके साथ वारदात को अंजाम दिया। महिला ने जब विरोध किया और आरोपियों की करतूत की जानकारी पुलिस को देने की बात कही तब आरोपियों ने महिला पर हॉकी से वार करना शुरू कर दिया। हॉकी के वार से महिला के सिर में गंभीर चोटे आई हैं। हालांकि, आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद महिला ने अपने भाई को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी और मझौली थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दीपक और संजू की तलाश कर उन्हें पकड़ लिया और जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक महिला के पति की मृत्य कुछ समय पहले ही गई थी। वह एक पारिवारिक काम के सिलसिले में अपने गांव से अपनी ननद के घर भेड़ाघाट गई हुई थी। वहां से लौटते समय महिला की आरोपियों से मुलाकात हुई, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
