Etawah Crime: उत्तर प्रदेश के इटावा में चोरी की एक ऐसी घटना हुई जिसने कोलकाता तक हड़कंप मचा दिया। बता दें कि इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के पास एक कंटेनर से मोबाइल फोन लूटकर गायब हो गए। लूटपाट का मामला तब उजागर हुआ तब कंटेनर कोलकाता जा पहुंचा और वहां पर कंटेनर में मौजूद सामान की जब मिलान की गई तो 1.75 करोड़ रुपये की कीमत के मोबाइल फोन गायब थे।
इटावा पुलिस
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली से 28 दिसंबर को एक कंटेनर 21 करोड़ रुपये की कीमत के मोबाइल फोन लेकर निकला, जो 31 दिसंबर को कोलकाता डिपो पहुंचा, लेकिन जब सामान की मिलान की गई तो उसमें एक करोड़ 75 लाख रुपये की कीमत के मोबाइल फोन गायब थे जिसके तत्काल बाद कंटेनर का जीपीएस चेक किया गया।
कब और कहां हुई लूटपाट
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट मैनेजर ने जब जीपीएस चेक किया तो पता चला कि इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के नारायण ढाबा के पास गाड़ी को काफी देर तक रोका गया था। जिसके बाद ट्रांसपोर्ट मैनेजर दुर्गेश मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से इकदिल थाने को लाखों रुपये के मोबाइल गायब होने की सूचना दी।
कंटेनर ड्राइवर की मिली भगत से हुई लूटपाट
एसएसपी इटावा संजय कुमार वर्मा ने बताया कि इस मामले में छह आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है जिनमें से 4 एटा, एक-एक अलीगढ़ और उन्नाव के रहने वाले हैं। इस लूटपाट के मुख्य आरोपी मोहित, नागेंद्र और राजवीर हैं। कंटेनर ड्राइवर मोहित इन बदमाशों से मिला हुआ था और इस प्रकार की घटनाओं को मिली भगत करके कई बार अंजाम दे चुके हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से 202 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। 10.5 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं। यूट्यूब की मदद से इन्होंने डिजिटल लॉक को खोला और फिर उसे सीज भी कर दिया। जनपद इटावा की इकदिल पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
इटावा एसएसपी ने बताया कि टीम ने तीन रात तक सूचनाओं को एकत्रित करके इन आरोपियों को पकड़ा है। ऐसे में इटावा एसएसपी ने पुलिस टीम को 25,000 रुपये की नकद राशि देकर पुरुस्कृत किया।
