Delhi Murder Case : राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। हाल ही में हुए शाहबाद डेयरी के 'साक्षी हत्याकांड' के बाद अब एक और सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ है। दरअसल, साउथ दिल्ली में नेब सराय थाना क्षेत्र के राजू पार्क इलाके में चाकूबाजी की घटना हुई है। यहां पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर युवक को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया है। घटना का खुलासा घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में देखकर हुआ। फुटेज में दो लोग एक युवक को चाकू से गोदते हुए दिख रहे हैं।
दिल्ली से हत्या का मामला सामने आया।
एक दर्जन से ज्यादा निशान
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला संज्ञान में आया है। युवक के शरीर पर कुल एक दर्जन से ज्यादा जख्मों के गहरे निशान भी मिले हैं। मृतक युवक की शिनाख्त कर ली गई है। उसका नाम सचिन है और वह राजू पार्क इलाके का निवासी है। वहीं मामले पर सचिन के रिश्तेदार ने कहा कि, जिस जगह उसकी चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई है, वहां अक्सर दबंग घूमते रहते हैं. हालांकि पुलिस का उन पर कोई ध्यान नहीं जाता है और इसी वजह से उनके हौसले बुलंद रहते हैं।
अत्यधिक रक्तस्राव से गई जान
सचिन के ही रिश्तेदार ने बताया है कि, हमले के बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी थी, लेकिन उन्होंने आने में काफी वक्त लगा दिया। मौके पर बॉडी से काफी ज्यादा खून बह गया और उसकी हॉस्पिटल ले जाने में देरी हो गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीपी साउथ चंदन चौधरी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया है कि, सचिन राजू पार्क के सी-ब्लॉक का रहने वाला था. पुलिस ने पूरे मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसके अलावा सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की छानबीन के लिए दबिश देना भी शुरू कर दिया है।
इससे पहले साक्षी की हुई थी हत्या
सचिन से पूर्व शाहबाद डेयरी में कई दिन पहले साहिल नामक युवक ने अपनी ही गर्लफ्रेंड साक्षी की चाकुओं से गोद-गोदकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने साक्षी पर पत्थरों से कई बार किए थे। पोस्टमार्टम में साक्षी पर 20 से ज्यादा वार किए जाने की बात सामने आई थी।
