Delhi News: दिल्ली के बाहरी इलाके में उस वक्त हड़कंप जब एक विवाह समारोह में खाने की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद में चाकू से किए गए हमले में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य नाबालिग घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि, यह सनसनीखेज वारदात शुक्रवार रात करीब 11.15 बजे रानी बाग इलाके में घटी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान निखिल यादव के रूप में हुई है, जो एक मोटर मैकेनिक था जबकि घायल की पहचान उसके दोस्त सनी के रूप में हुई है। मृ्तक और उसका दोस्त दोनों ही रोहिणी के रहने वाले थे, ऐसा पुलिस ने बताया।
दिल्ली में शादी समारोह में चाकू के हमले में किशोर की मौत
दो समूहों के बीच हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, विवाह समारोह में खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर दो समूहों के बीच विवाद हुआ, जो जल्दी ही हिंसक रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निखिल और सनी ने झगड़ा रोकने की कोशिश की, तभी एक अन्य नाबालिग ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों लड़कों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया।
मुख्य आरोपी और उसका साथी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, सनी को कमर के नीचे चोट लगी है और उसका इलाज जारी है, उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस की अपराध जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज समेत जरूरी सबूत जुटाए। मामले में मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया। निखिल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
उत्तरपूर्वी इलाके में हुई चार नाबालिगों की गिरफ्तारी
वहीं इससे पहले राजधानी के उत्तरपूर्वी इलाके में 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों को गिरफ्तार किया है, जिसकी जानकारी शुक्रवार को दी गई। अधिकारियों के अनुसार, न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को जग प्रवेश चंद्र (जेपीसी) अस्पताल के पास डीडीए पार्क में एक शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच में मृतक की पहचान जैद (17) के रूप में हुई।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, जांच के दौरान टीम ने कई सुरागों का विश्लेषण किया और हत्या में शामिल व्यक्तियों की पहचान करने के लिए विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाई। इन सुरागों के आधार पर 15 से 17 वर्ष आयु के चार नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में नाबालिगों ने अपने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की और बताया कि उनके और पीड़ित के बीच दुश्मनी थी। पुलिस के मुताबिक, उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दो चाकू भी बरामद किए गए हैं। इस मामले की जांच अभी जारी है।
(इनपुट - भाषा)
