उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के महत्व और उनके प्रति सम्मान को लेकर एक भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘मां के नाम पाती’ लिखकर प्रदेश के लोगों से अपील की कि वे किसी निराश्रित और जरूरतमंद मां का सहारा बनें। सीएम योगी ने कहा कि प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान तभी होगा, जब हर प्रदेशवासी किसी निराश्रित मां का सहारा बनेगा, किसी वंचित मां की पीड़ा समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करेगा। इसके अलावा उन्होंने पाती में अपने संन्यास जीवन से जुड़े अनुभव भी लिखे।
सीएम योगी आदित्यनाथ (File Photo)
सीएम योगी ने अपनी पाती में लिखा कि कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता। मां का ऋण भी ऐसा ही है। हालांकि, अपना कर्तव्य जरूर निभाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद वह प्रदेश की मातृशक्ति के लिए इसी कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहे हैं।
मां केवल जननी नहीं, जगत-जननी भी हैं
अपनी पाती में मां को जीवन का आधार बताते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि मां केवल बच्चे को जन्म देने वाली नहीं, बल्कि जगत-जननी भी हैं। मां के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि मां के संस्कारों से ही बच्चे का जीवन बनता है। मां हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन मां की जगह कोई दूसरा नहीं ले सकता। मां की ममता दुनिया का सबसे सुंदर भाव है।
संन्यास लेने के समय को किया याद
योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में संन्यास लेने के समय का एक पुराना अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि संन्यास लेने के तीन साल से अधिक समय बाद जब वह भगवा वस्त्र में अपने घर की दहलीज के बाहर पहुंचे और भिक्षा मांगी, तो उनकी मां उन्हें देखकर हैरान रह गईं। मां ने कहा, “बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?” जिस पर उन्होंने जवाब दिया कि संन्यास उनका धर्म है और एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी। उन्होंने मां से कहा कि वह यहां रहने नहीं, भिक्षा मांगने आए हैं। मां जो भिक्षा में देंगी, वही उनके मनोरथ को पूरा करेगी। योगी के मुताबिक, मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया।
निराश्रित माताओं की मदद को बताया कर्तव्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि लोग किसी निराश्रित मां का संबल बनें और किसी वंचित मां की पीड़ा को समझें। उन्होंने प्रदेशवासियों से माताओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाने और जरूरतमंद माताओं के जीवन में खुशियां लाने का संकल्प लेने की अपील की।
