मुंबई लोकल ट्रेन में 53 साल के एक व्यक्ति ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और उसे ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे महिला का हाथ कट गया।
प्रतीकात्मक फोटो
53 साल के एक व्यक्ति को 20 साल की महिला के साथ छेड़छाड़ करने और उसे नैगांव में लोकल ट्रेन से धक्का देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस घटना में महिला का बायां हाथ कट गया।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को महाराष्ट्र के पालघर जिले के नैगांव स्टेशन पर एक व्यक्ति ने 20 साल की महिला के साथ छेड़छाड़ की और उसे लोकल ट्रेन से धक्का दे दिया। इस हादसे में महिला का बायां हाथ कोहनी के नीचे से कट गया।
'चेहरा कपड़े से ढका हुआ था,उसे पहचानना मुश्किल था'
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद बुधवार को 53 साल के आरोपी जितेंद्र हिरमुखे को गिरफ्तार कर लिया। भायंदर गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) के एक अधिकारी ने बताया, 'आरोपी ने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था, इसलिए उसे पहचानना मुश्किल था। हालांकि, हमने उसे नैगांव स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पत्नी की हत्या कर आरी से किए शव के टुकड़े, अमेरिका की कोर्ट ने नरेश को ठहराया दोषी
'आरोपी ने महिला को गलत तरीके से छूना शुरू कर दिया'
नैगांव ईस्ट के वाकीपाडा का रहने वाला हिरमुखे विकलांगों के लिए आरक्षित डिब्बे में सफर कर रहा था। शाम के व्यस्त समय में, विरार जाने वाली एक फास्ट लोकल ट्रेन में सवार होते समय, पीड़िता गलती से उसी डिब्बे में चढ़ गई।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर महिला को गलत तरीके से छूना शुरू कर दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया और उससे सवाल-जवाब किए, तो दोनों के बीच बहस हो गई।
'आरोपी ने महिला को ट्रेन से धक्का दे दिया'
ट्रेन के नैगांव स्टेशन पहुंचने पर भी बहस जारी रही, जहां आरोपी ने महिला को ट्रेन से धक्का दे दिया। इससे वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की खाली जगह में गिर गई।जब वह उठने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन चल पड़ी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। नैगांव की रहने वाली इस महिला को पहले एक अस्पताल ले जाया गया और बाद में आगे के इलाज के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया गया। चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों को उसका बायां हाथ कोहनी के नीचे से काटना पड़ा।
