कांवड़ यात्रा के बीच गूंजी किलकारियां, महादेव के दर पर जल चढ़ाने निकली मां ने जुड़वा बेटों को दिया जन्म; SSP ने नाम रखा गणेश-कार्तिकेय

सावन की कांवड़ यात्रा के बीच मुजफ्फरनगर में आस्था और खुशियों का अनोखा संगम देखने को मिला। नीलकंठ से गंगाजल लेकर दिल्ली जा रही महिला कांवड़िया ने अस्पताल में जुड़वा बेटों को जन्म दिया। एसएसपी ने मां की सहमति से दोनों नवजातों का नाम 'गणेश' और 'कार्तिकेय' रखा।

Muzaffarnagar News: सावन माह की पवित्र कांवड़ यात्रा के बीच उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से आस्था, संवेदना और खुशी से जुड़ी एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली की ओर जा रही एक महिला कांवड़िया ने जिला महिला अस्पताल में जुड़वा बेटों को जन्म दिया। मां और दोनों नवजात फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में हैं। बच्चों की हालत स्थिर बताई गई है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की रहने वाली नेहा अपने साथियों के साथ नीलकंठ से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकली थीं। यात्रा के दौरान किसी समय उनका अपने साथियों से संपर्क टूट गया और वह अकेले ही दिल्ली की ओर बढ़ रही थीं। इसी बीच मुजफ्फरनगर में उन्हें अचानक लेबर पेन शुरू हो गया। हालात को देखते हुए उन्हें तत्काल जिला महिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया।

Muzaffarnagar Kanwar Yatra News

सावन में महादेव का अनोखा आशीर्वाद (प्रतीकात्मक फोटो)

'गणेश' और 'कार्तिकेय' रखा गया नाम

अस्पताल में नेहा ने जुड़वा बेटों को जन्म दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन अस्पताल पहुंचे और महिला तथा नवजात बच्चों का हालचाल जाना। एसएसपी ने मां की सहमति से दोनों बच्चों का नाम 'गणेश' और 'कार्तिकेय' रखा। उन्होंने नवजातों को उपहार दिए और महिला को फ्रूट बास्केट भेंट कर शुभकामनाएं दीं। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि सावन का महीना अपने आप में बेहद शुभ माना जाता है और मुजफ्फरनगर से बड़ी संख्या में कांवड़िये गुजरते हैं। ऐसे पवित्र समय में महिला कांवड़िया के जुड़वा बच्चों को जन्म देना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल के डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों ने तत्काल समन्वय कर महिला को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई और जच्चा-बच्चा की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। एसएसपी ने बच्चों के जन्म को महादेव का आशीर्वाद बताते हुए परिवार को शुभकामनाएं दीं और कहा कि आने वाले दिनों में मां और बच्चे स्वस्थ होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकेंगे।

End of Feed