Nainital News: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर में बीती देर रात एक हैरान करने वाली घटना घटी। जंगल से भटककर आया एक जंगली हाथी मंदिर परिसर तक पहुंच गया और करीब दो घंटे तक उत्पात मचाता रहा। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हाथी ने मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 40 सीढ़ियां चढ़ीं, और वहां रखे प्रसाद, फूल-मालाओं और दुकानों को नुकसान पहुंचाया।
रात 1 बजे मंदिर में पहुंचा हाथी
मंदिर के पुजारी के अनुसार, रात लगभग 1 बजे स्थानीय लोगों को पहले लगा कि कोई बड़ा जानवर पुल के पास घूम रहा है। कुछ देर बाद मंदिर की सीढ़ियों पर हाथी को चढ़ते देखा गया, जिससे लोग दंग रह गए। हाथी ने मंदिर परिसर में घुसकर सामान उलट-पुलट दिया और पास की अस्थायी दुकानों को भी क्षति पहुंचाई।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
मंदिर में लगे CCTV कैमरों में घटना साफ कैद हुई। वीडियो में दिखता है कि हाथी कैसे धीरे-धीरे सीढ़ियां चढ़कर मंदिर तक पहुंचता है और फिर कुछ देर परिसर में रुककर नीचे लौट जाता है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वन विभाग टीम तुरंत पहुंची
पुजारी ने बताया कि जैसे ही हाथी ने उत्पात मचाना शुरू किया, वन विभाग और कॉर्बेट टाइगर रिजर्व टीम को सूचना दी गई। कुछ ही देर में टीमें मौके पर पहुंचीं और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाल में गर्जिया मंदिर के आसपास जानवरों की आवाजाही बढ़ी है, क्योंकि यह इलाका कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बफर जोन से जुड़ा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि रात के समय मंदिर क्षेत्र में न जाएं और जंगली जानवरों के प्रति सतर्क रहें।
