Twisha Sharma Case:मध्य प्रदेश के चर्चित ट्विशा मौत मामले में दोबारा पोस्टमार्टम (Twisha Postmortem) के बाद जांच प्रक्रिया अभी निर्णायक चरण में नहीं पहुंची है। AIIMS के फॉरेंसिक सूत्रों के अनुसार मामले की अंतिम रिपोर्ट तैयार होने में अभी कुछ और समय लग सकता है, क्योंकि कई महत्वपूर्ण लैब टेस्ट अभी जारी हैं। सूत्रों के मुताबिक, भोपाल में कल ट्विशा शर्मा का दोबारा से पोस्टमार्टम किया गया था, जिसके बाद सैंपल्स को विस्तृत वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा गया है।
ट्विशा शर्मा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट कब देगा दिल्ली एम्स
क्यों लग रहा है समय?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट को अंतिम रूप देने से पहले दो अहम परीक्षण पूरे किए जा रहे हैं। एम्स, दिल्ली के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा, ’’रिपोर्ट तैयार होने में कुछ समय लगेगा क्योंकि इसके लिए हिस्टोपैथोलॉजी और विसरा जांच समेत कुछ प्रयोगशाला परीक्षण किए जाने हैं।’ उन्होंने बताया कि चिकित्सकों की टीम ने मामले से जुड़े आकलन के लिए त्विषा के घर और घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। डॉ. गुप्ता ने कहा कि टीम सोमवार को नमूने, तस्वीरें, वीडियो और लिखित निष्कर्ष लेकर दिल्ली लौटेगी।
हिस्टोपैथोलॉजी (Histopathology) जांच- इस जांच में शरीर के टिश्यू और अंगों के सैंपल को माइक्रोस्कोप के जरिए बारीकी से देखा जाता है। इससे यह पता लगाया जाता है कि शरीर में किसी बीमारी, अंदरूनी चोट, संक्रमण या असामान्य बदलाव के संकेत तो नहीं थे।
विसरा (Viscera) जांच- इस परीक्षण में शरीर के आंतरिक अंगों और तरल पदार्थों के नमूनों की केमिकल और टॉक्सिकोलॉजिकल जांच की जाती है। इससे यह स्पष्ट होता है कि शरीर में किसी जहरीले पदार्थ, ड्रग्स, केमिकल या अन्य संदिग्ध तत्व की मौजूदगी थी या नहीं।
अंतिम निष्कर्ष अभी बाकी
इन दोनों महत्वपूर्ण रिपोर्ट्स के आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट और अंतिम निष्कर्ष सामने आ पाएगा। फिलहाल जांच एजेंसियां और मेडिकल टीम सभी वैज्ञानिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन पड़ताल में जुटी हुई हैं।
12 मई को ट्विशा की हुई थी मौत
बता दें कि भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में 12 मई को ससुराल वालों के मकान में ट्विशा (33) का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। उनके परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हालांकि, ट्विशा के ससुराल वालों ने दावा किया है कि उसे नशे की लत थी। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के 22 मई के आदेश पर कार्रवाई करते हुए, एम्स दिल्ली ने दूसरे पोस्टमार्टम के लिए वरिष्ठ चिकित्सकों की चार सदस्यीय टीम का गठन किया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
