West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत आज यानी गुरुवार 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान हो रहा है। पश्चिम बंगाल की जिन 152 सीटों पर आज मतदान हो रहा है, वहां पोलिंग बूथ पर सुबह से ही मतदान के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी हैं। पश्चिम बंगाल के कई जिले बिहार के कटिहार जिले से सटे हैं। यही कारण है कि कटिहार जिले में कुल 11 जगहों पर स्पेशल मिरर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चलिए जानते हैं ये मिरर चेकिंग क्या है और क्यों की जा रही है।
पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच बिहार बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। विशेषरूप से कटिहार में पूरा बॉर्डर सील किया गया है और पुलिल अलर्ट मोड पर है। यहां बिहार पुलिस बंगाल से आने वाली हर गाड़ी पर काफी लंबे समय से नजर रखे हुए है। हाल के दिनों में बंगाल से सटे बिहार के कटिहार जिले के सीमाई थाना क्षेत्रों में नशे के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई है। पश्चिम बंगाल में हो रहे विधानसभा चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने में बिहार पुलिस की तरफ से पूरा सहयोग किया जा रहा है। कटिहार के एसपी शिखर चौधरी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए बिहार से सटे कटिहार जिले की पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है।
क्या है मिरर चेकिंग अभियान (What is Mirror Checking)?
जैसा कि हमने ऊपर बताया कि कटिहार जिले में खासतौर पर 11 स्थानों पर मिरर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत पुलिस टेलीस्कोपिक मिरर की मदद से गाड़ियों के नीचे और छिपे हुए हिस्सों की जांच कर रही है, ताकि अवैध हथियार, नशीले पदार्थ या अन्य संदिग्ध सामग्री की तस्करी पर रोक लगाई जा सके।
किशनगंज में भी हो रही मिरर चेकिंग
बिहार में पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती किशनगंज जिले में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में कुल 10 मिरर चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जो बंगाल के चेकपोस्ट के समानांतर काम कर रहे हैं। बालीचुका सहित कई जगहों पर तो बंगाल पुलिस के साथ अर्द्धसैनिक बल भी तैनात हैं, जो गाड़ियों की डिक्की और अन्य हिस्सों की जांच कर रहे हैं।
किशनगंज के DM विशाल राज और एसपी संतोष कुमार ने स्वयं सीमावर्ती चेकपोस्ट पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। किशनगंज, पश्चिम बंगाल के काफी करीब है, इसलिए यहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
