Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, राजस्थान-MP में शीतलहर का अलर्ट

Weather Update: जैसे-जैसे नवंबर महीना अपने अंत की ओर बढ़ रहा है, उत्तर भारत में ठंड का असर भी तेज होता जा रहा है। श्रीनगर में पारा माइनस 1.9 डिग्री पहुंचा। राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर की चेतावनी दी गई है।

Weather Update: उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर राजस्थान और मध्य प्रदेश तक न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। श्रीनगर में कल यानी गुरुवार रात तापमान गिरकर -1.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह शहर में इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। वहीं, राजस्थान के फतेहपुर में पारा 4.3 डिग्री और मध्य प्रदेश के करौंदी में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Weather Update 27th November

13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट

मौसम का असर सिर्फ पहाड़ी और मैदानी राज्यों तक सीमित नहीं है। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में भी न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। दूसरी ओर राजधानी दिल्ली के साथ ही यूपी, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के 13 राज्यों में घने कोहरे (Fog) की चेतावनी जारी की गई है।

श्रीनगर में जमने लगा पानी

जम्मू-कश्मीर में रात के तापमान में गिरावट के कारण कई इलाकों में जल जमाव की स्थिति बनने लगी है। कुलगाम में पेड़ों की टहनियों पर सुबह बर्फ जमी हुई नजर आई। जलस्रोतों और पानी की पाइपलाइनों में भी पानी जमने लगा है।

राजस्थान-MP में शीतलहर

राजस्थान में मौसम विभाग ने आज सीकर, अजमेर, टोंक, बूंदी और कोटा सहित पांच जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। सीकर के फतेहपुर में सबसे कम 4.3 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। वहीं, मध्य प्रदेश में भोपाल, शाजापुर, दमोह और कटनी में शीतलहर की चेतावनी है। भोपाल में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री और करौंदी में 6.8 डिग्री रहा।

यूपी में 20 शहरों में घना कोहरा

उत्तर प्रदेश में भी ठंड के साथ कोहरे का असर बढ़ रहा है। मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कानपुर, हरदोई, इटावा और मेरठ में भी पारा 10 डिग्री के आसपास रहा। गुरुवार को राज्य के 20 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। बलरामपुर में विजिबिलिटी घटकर महज 10 मीटर तक रह गई।

हरियाणा के छह जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत में घने कोहरे का यलो अलर्ट है। हिसार में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री रहा। पंजाब के 13 जिलों में भी कोहरे की चेतावनी है। यहां फरीदकोट 7.1 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।

हिमाचल में 11 शहरों का तापमान 5 डिग्री से नीचे

हिमाचल प्रदेश के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। सोलन में 3.6 और चंबा में 4.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर में 30 नवंबर तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कोहरा छाने का अनुमान है।

बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी सुबह व रात की ठंड बढ़ रही है। रांची में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में पारा 8.8 डिग्री दर्ज हुआ।

दिल्ली में लगातार 12वें दिन खराब रही हवा

ठंड के साथ दिल्ली-NCR में प्रदूषण की समस्या भी बनी हुई है। कल दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 224 दर्ज किया गया। इसके साथ ही हवा लगातार 12वें दिन खराब श्रेणी में रही। दिल्ली में 15 नवंबर से वायु गुणवत्ता खराब बनी हुई है।

फिलहाल उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में सुबह और देर रात यात्रा करने वालों को कम विजिबिलिटी को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।

End Article
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों...

End of Feed