Haryana News: हरियाणा में आज यानी रविवार, 10 मई को पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों के लिए मतदान होगा। इन सभी स्थानों पर मेयर और वार्ड पार्षदों का चुनाव कराया जाएगा। इसके साथ ही रेवाड़ी नगर परिषद तथा रोहतक के सांपला, रेवाड़ी के धारूहेड़ा और हिसार के उकलाना नगर समितियों में भी सभी वार्डों के अध्यक्ष और सदस्यों के चुनाव के लिए वोटिंग होगी।
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच हरियाणा में वोटिंग आज
सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा मतदान
नगर परिषद टोहाना (फतेहाबाद) में वार्ड नंबर 17, नगर परिषद झज्जर में वार्ड नंबर 13, नगर समिति राजौंद (कैथल) में वार्ड नंबर 11, नगर समिति तरावड़ी (करनाल) में वार्ड नंबर 8, नगर समिति कनीना (महेंद्रगढ़) में वार्ड नंबर 14 और नगर समिति सढौरा (यमुनानगर) में वार्ड नंबर 9 शामिल हैं। नगर निगम चुनावों के लिए मतदान तय किए गए मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा।
10 मई को पेड अवकाश घोषित
राज्य सरकार ने संबंधित क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाताओं के लिए अधिसूचना जारी करते हुए 10 मई को पेड अवकाश घोषित किया है। इसके तहत हरियाणा सरकार के सभी वे कर्मचारी, जो उन क्षेत्रों में पंजीकृत मतदाता हैं जहां मतदान निर्धारित है, उन्हें अवकाश दिया जाएगा। यह सुविधा राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों और शैक्षणिक संस्थानों में लागू होगी, ताकि कर्मचारी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
मतदान केंद्र पर दो ईवीएम मशीनें लगाई जाएंगी
पंचकूला के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सतपाल शर्मा ने जानकारी दी कि नगर निगम के सभी 20 वार्डों में कुल 2,07,379 मतदाता हैं। इनमें 1,08,227 पुरुष, 98,447 महिलाएं और 5 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वार्डवार मतदाताओं की संख्या भी जारी की गई है। पंचकूला में मतदान के लिए कुल 204 बूथ बनाए गए हैं। इनमें वार्ड नंबर 1, 2 और 3 में 10-10 बूथ, वार्ड नंबर 4 और 5 में 11-11 बूथ, वार्ड नंबर 6 में 9 बूथ, वार्ड नंबर 7 में 11 बूथ, वार्ड नंबर 8 और 9 में 8-8 बूथ, वार्ड नंबर 10, 11, 12 और 13 में 10-10 बूथ, वार्ड नंबर 14 में 12 बूथ, वार्ड नंबर 15 में 8 बूथ, वार्ड नंबर 16 में 11 बूथ, वार्ड नंबर 17 में 13 बूथ, वार्ड नंबर 18 में 12 बूथ, वार्ड नंबर 19 में 9 बूथ और वार्ड नंबर 20 में 11 बूथ स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो ईवीएम मशीनें लगाई जाएंगी, जिनमें एक मेयर पद के लिए और दूसरी वार्ड पार्षद पद के लिए उपयोग होगी, ताकि मतदाता दोनों पदों के लिए अलग-अलग मतदान कर सकें।
204 ईवीएम मशीनें और 41 अतिरिक्त (रिजर्व) मशीनें तय
पंचकूला के जिला निर्वाचन अधिकारी सतपाल शर्मा ने जानकारी दी कि मेयर पद के लिए 204 ईवीएम मशीनें और 41 अतिरिक्त (रिजर्व) मशीनें तय की गई हैं। वहीं पार्षद पदों के लिए भी 204 ईवीएम मशीनें और 58 रिजर्व मशीनों की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर ईवीएम मशीनों का वितरण कर दिया गया है। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए वार्डवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट और सेक्टर अधिकारियों की तैनाती भी की गई है।
प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट
मतदान के दौरान किसी भी तरह की अशांति या अव्यवस्था न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी जिलों में व्यापक और मजबूत तैयारियां की हैं। पुलिस ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करते हुए पूरा सुरक्षा प्लान लागू कर दिया है। पंचकूला पुलिस ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात 1535 पुलिसकर्मियों के ड्यूटी प्वाइंट तय कर दिए हैं। साथ ही, माहौल बिगाड़ने या अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था न हो सके। इस बीच, डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने शनिवार को सेक्टर-14 स्थित सरकारी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सभी पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना करने से पहले आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा से जुड़ी अहम हिदायतें भी दीं।
