विदिशा लोकसभा सीटः देशभर में दो चरणों का मतदान समाप्त हो चुका है और अब तीसरे चरण का मतदान होना है। तीसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 94 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इसी चरण में मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट भी शामिल है, जहां तीसरे चरण में चुनाव होना है। विदिशा लोकसभा सीट भाजपा का गढ़ माना जाता है। इस बार विदिशा में काफी दिलचस्प लड़ाई देखने को मिलेगी। विदिशा से भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उतारा गया है। वहीं, कांग्रेस ने पूर्व सांसद प्रताप भानु शर्मा पर दांव खेला है। शिवराज सिंह चौहान जहां पूरे प्रदेश में मामा के नाम से मशहूर हैं। वहीं, प्रताप भानु शर्मा दादा के नाम से जाने जाते हैं। इसलिए, विदिशा लोकसभा सीट पर मामा vs दादा के बीच टक्कर का मुकाबला माना जा रहा है। बता दें कि विदिशा लोकसभा सीट 1967 में अस्तित्व में आई थी। विदिशा लोकसभा सीट के तहत आठ विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिनमें भोजपुर, विदिशा, इछावर, सांची, बासौदा, खाटेगांव, सिलवनी और बुधनी विधानसभा सीटें शामिल हैं। साथ ही 2011 के जनगणना के अनुसार, विदिशा की आबादी 24,89,435 है। आइए जानते हैं कि विदिशा लोकसभा सीट पर कितने तारीख को चुनाव होना है और इस सीट से कौन-कौन प्रमुख उम्मीदवार हैं।
विदिशा लोकसभा सीट।
विदिशा लोकसभा क्षेत्र मतदान तारीख (Vidisha Lok Sabha Election Polling Date)
मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में मतदान होगा और तीसरे चरण का मतदान सात मई को होगा। यानी कि विदिशा लोकसभा सीट पर सात मई को मतदान होगा। सात मई को विदिशा से चुनाव लड़ रहे तमाम उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।
विदिशा लोकसभा क्षेत्र में कब होगी मतगणना (Vidisha Lok Sabha Election Result Date)
देशभर की सभी लोकसभा सीटों पर सात चरणों में चुनाव हो रहे हैं। सात चरणों में चुनाव के बाद चार जून को एक साथ सभी लोकसभा सीटों पर मतगणना की जाएगी और चार जून को ही विदिशा लोकसभा क्षेत्र में मतगणना होगी। इसी दिन पता चलेगा कि विदिशा से किसने चुनाव जीता।
विदिशा के प्रमुख उम्मीदवार (Key Candidates of Vidisha Lok Sabha 2024)
विदिशा लोकसभा सीट पर काफी दिलचस्प मुकाबला होना है। विदिशा से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को टिकट दिया है और कांग्रेस ने प्रताप भानु शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। अब देखना है कि इस बार के चुनाव में विदिशा से कौन बाजी मारता है। बता दें कि विदिशा सीट भाजपा का गढ़ माना जाता है और भाजपा ने पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को टिकट दिया है, जिनकी खुद की भी प्रदेश भर में लोकप्रियता है। ऐसे में इस सीट पर सबकी नजर होगी। वहीं, इस सीट पर बसपा ने किशन लाल लडिया को टिकट देकर मैदान में उतारा है।
- शिवराज सिंह चौहान- भाजपा/NDA
- प्रताप भानु शर्मा- कांग्रेस/INDIA
- किशन लाल लडिया- बसपा
विदिशा लोकसभा क्षेत्र में पिछले चुनाव (2019) का रिजल्ट
लोकसभा चुनाव 2019 में विदिशा में भाजपा के रमाकांत भार्गव को जीत मिली थी। रमाकांत भार्गव ने पांच लाख वोटो से जीत दर्ज की थी। उन्हें 8,53,022 वोट मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के उम्मीदवार को 3,49,938 मत प्राप्त हुए थे। वहीं, तीसरे स्थान पर बसपा के उम्मीदवार महज 14,409 वोट मिले थे।
