Varanasi Crime News: दीपावली नजदीक आते ही चोर सक्रिय हो गए हैं। वाराणसी में अब चोर ज्वेलरी की दुकानों पर हाथ साफ कर रहे हैं। ताजा मामला चोलापुर थाना क्षेत्र के नवापुरा बाजार बेला रोड स्थित ज्वेलरी की दुकान से जुड़ा है। चोर दुकान की दीवार में सेंधमारी कर पांच लाख रुपए के गहने उड़ा ले गए। इतना ही नहीं दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी साथ लेकर चले गए। पीड़ित दुकानदार ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
प्रतीकात्मक फोटो
इसके बाद पुलिस ने दुकान की जांच-पड़ताल की। इसके साथ ही चोर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। दुकानदार मुनारी के रहने वाले रंजीत सेठ का कहना है कि, वह रविवार की रात दुकान का ताला बंदकर अपने घर चले गए थे। सोमवार की सुबह पड़ोसियों ने दुकान में सेंधमारी की जाने की जानकारी दी।
दुकान के पीछे की दीवार को तोड़कर घुसे चोर
दुकानदार रंजीत सेठ का कहना है कि, चोर दुकान के पीछे की दीवार को तोड़कर अंदर दाखिल हुए हैं। जब सोमवार की सुबह दुकान का शटर उठाया तो देखा की तिजोरी टूटी हुई है और अंदर का सारा सामान गायब है। दुकानदार का कहना है कि, डेढ़ लाख रुपए, सोने की चेन, मंगलसूत्र, कान का झाला, चांदी के जेवर समेत कुल पांच लाख रुपए के सामान चोर ले भागे हैं।
व्यापारियों में पुलिस के प्रति आक्रोश
ज्वेलरी की दुकान में चोरी की घटना से व्यापारी वर्ग में पुलिस के प्रति काफी आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि, चोलापुर ओपी क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रहीं हैं। पहले भी कई चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी मामले का पुलिस ने खुलासा नहीं किया है। हर बार चोर को पकड़ने के लिए केवल दावे किए जाते हैं।
