Varanasi Crime News: वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जयप्रकाश नगर कॉलोनी में बदमाशों ने एक बुजुर्ग की हत्या कर दी। 78 वर्षीय पशुपतिनाथ सिंह ने बदमाशों को शराब पीने पर टोका था, जिसके बाद उन लोगों ईंट और पत्थर से कुचल कर पशुपतिनाथ सिंह को मार डाला। पिता के बचाव में आए बेटे राजन सिंह को भी बदमाशों ने बुरी तरह मारा-पीटा। राजन को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया है।
मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते पुलिस आयुक्त
दरअसल, इस कॉलोनी में पशुपति नाथ सिंह का घर है। इसकी कुछ ही दूरी पर देसी एवं अंग्रेजी शराब का ठेका है। यहां ठेके पर कुछ युवक शराब पीकर गाली-गलौज करते हुए पशुपतिनाथ के दरवाजे पर आ गए थे। इस पर पशुपतिनाथ एवं उनके बेटे राजन ने बदमाशों को गाली-गलौज करने एवं वहां शराब पीने से मना किया। इस पर नशे में चूर में दो युवकों की मोहल्ले वालों ने पिटाई कर दी।
पहले भागे और फिर 15-16 की संख्या में आए बदमाश
मोहल्ले वालों द्वारा पिटाई किए जाने पर दोनों युवक वहां से भाग निकले। फिर कुछ समय बाद 15 से 16 की संख्या में युवक आए। इस बार भी मोहल्ले वालों की संख्या अधिक देखकर सभी भाग गए। अगली बार बदमाश 50 की संख्या में आए और पिता-पुत्र की पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने पशुपतिनाथ सिंह को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया, जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें कर रही काम
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश का कहना है कि, मृतक के बेटे की शिकायत पर 17 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ सिगरा थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पांच अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया है। इनसे पुलिस सख्ती से पूछताछ कर रही है। जबकि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दूसरी ओर समय पर असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप में चौकी प्रभारी निगम समेत 2 उप निरीक्षक, 3 मुख्य आरक्षी और 5 आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
