Two Miscreants Killed in Encounter: वाराणसी पुलिस को सोमवार की सुबह एक बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने मुठभेड़ में दो वांटेड बदमाशों को ढेर कर दिया है। मुठभेड़ भेलखा गांव के पास रिंग रोड पर हुई है। इस दौरान पुलिस ने एक दर्जन राउंड से ज्यादा फायरिंग की। इसमें दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत बहुत नाजुक बताई गई। फिर दोनों ने दम तोड़ दिया। यह दोनों बदमाश रोहनिया क्षेत्र में दरोगा को गोली मारकर उनसे सरकारी पिस्टल, कारतूस, पर्स और मोबाइल लूट लिए थे। इस मामले में दोनों वांटेड थे।
मुठभेड़ में ढेर हुए बदमाश की पिस्टल
मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की पहचान रजनीश उर्फ बऊआ सिंह और मनीष के रूप में हुई है। यह दोनों बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलवा के रहने वाले हैं। दोनों सगे भाई थे। इनके तीसरे भाई लल्लन की पुलिस को तलाश है।
दरोगा को 8 नवंबर को मारी थी गोली
इन दोनों भाइयों ने आठ नवंबर को दरोगा अजय यादव को गोली मारी थी। अजय लक्सा थाने में तैनात हैं। इन्होंने रोहनिया थाना क्षेत्र के जगतपुरा में प्लॉट खरीद रखा है। वहां मकान बनवा रहे हैं। आठ नवंबर की शाम अजय अपनी वर्दी पहनकर बुलेट से अपने प्लॉट पर जा रहे थे, तभी दोनों भाइयों ने उन पर हमला किया था।घेराबंदी होने पर तीनों बदमाशों ने शुरू कर दी थी फायरिंग
एनकाउंटर के बाबत वाराणसी पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश का कहना है कि, सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी दारोगा पर हमला करने वाले दो बदमाश भेलखा गांव के पास रिंग रोड से गुजर रहे हैं। इस सूचना के मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक बदमाश वहां से फरार हो गया। मुठभेड़ में घायल पुलिस कर्मी शिव बाबू को सिंह अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टर ने बताया कि, पुलिस कर्मी की हालत खतरे से बाहर है। जल्द ही वह रिकवर हो जाएंगे। वहीं, दोनों बदमाशों के शव को पंडित दीनदयाल अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि, फरार तीसरे बदमाश को भी पुलिस टीम जल्द गिरफ्तार कर लेगी। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम सक्रियता के साथ काम कर रही है|
