Varanasi Police: वाराणसी में रिश्ते का कत्ल हुआ है। एक भांजे ने अपनी मामी की हत्या कर दी है। चार दिन पहले ही भांजा अपने मामा के घर आया था। महिला के पति ने अपने भांजे के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। घटना मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा स्थित आनंद नगर कॉलोनी की है।
वाराणसी में रिश्तों का हुआ कत्ल (प्रतीकात्मक तस्वीर)
यहां महिला के सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी गई है। आनंद नगर कॉलोनी निवासी देवचंद पांडेय मिर्जामुराद स्थित बैंक में काम करते हैं। इन्होंने दो बहनों अनीता और वंदना से शादी की थी। इनकी दोनों पत्नी साथ ही रहती हैं। अनीता का एक बेटा देवेश मेडिकल स्टोर का संचालक है। वहीं, वंदना का बेटा में 10वीं का छात्र है। एक बेटी भी है।
बेटा स्कूल से लौटा तो मां को जमीन पर पड़ा देखा
मंडुवाडीह थाने के अध्यक्ष का कहना है कि, जमशेदपुर में रहने वाला अनीता का भांजा चार दिन पहले यहां आया था। सोमवार को अनीता का बेटा देवेश उसे छोड़ने रेलवे स्टेशन गया और फिर अपने मेडिकल स्टोर पर चला गया। वहीं, कुछ समय बाद जब वंदना का बेटा रितेश स्कूल से आया तो देखा कि, अनीता के सिर पर चोट लगी है और वह जमीन पर पड़ी है। उसने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। घर वाले पहुंचे तो देखा की अनीता की जान जा चुकी है। पुलिस ने घटनास्थल से बांस का एक टुकड़ा बरामद किया है।आरोपी ने चुराए थे 20 हजार रुपए
दो दिन पहले ही अनीता के भांजे ने कमरे से 20 हजार रुपए चुरा लिए थे। जब परिवार वालों को जानकारी हुई तो उसके मामा ने उसे जमकर फटकार लगाई थी। पुलिस का कहना है कि, अनीता के भांजे ने उसकी बेटी के पास रखे रुपए भी चुरा लिए थे। दरअसल, जमशेदपुर निवासी रोहित और उसकी मां 11 नवंबर को आनंद नगर कॉलोनी स्थित अपने मामा देवचंद पांडेय के घर आया था। उसने 12 नवंबर को मामा के घर में 20 हजार रुपए की चोरी की। इस पर मामा ने उसे पीटा भी था।
शराब पीकर आया था घर
पैसे चुराने पर मामा द्वारा पीटे जाने से क्षुब्ध होकर आरोपी 12 नवंबर की शाम को शराब पीकर घर आया था। अगले दिन 13 नवंबर को उसने अनीता की बेटी के पैसे चुरा लिए थे। इसकी जानकारी होने पर रोहित की मां उसे लेकर 13 नवंबर की रात को ही जाने की जिद करने लगी थी। तब परिवार वालों ने उसे रोक लिया। इस मामले में पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश का कहना है कि, महिला के ननद के लड़के के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृत महिला के पति ने बताया है कि, उसका भांजा नशे का आदी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच चल रही है।
