Kushinagar Accident: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में एक ट्रक और बस की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक की मौत हो गई है और 20 यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों में 6 लोगों की हालत बहुत गंभीर है, जिन्हें कुशीनगर मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बस चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुशीनगर में सड़क हादसा (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
गलत दिशा में जाते हुए ट्रक से टकराई बस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बस ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि बिहार के मोतिहारी से बस श्रद्धालुओं को लेकर अजमेर शरीफ जा रही थी। हाटा क्षेत्र के जोलनिया कट के पास एक ढाबे पर रुकने के बाद बस राष्ट्रीय राजमार्ग 20 पर गलत दिशा में जा रही थी, तभी ट्रक से उसकी टक्कर हो गई।
कसया के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुन्दन कुमार सिंह ने बताया कि इस हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। 6 लोगों का गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया है। पुलिस यह भी बताया कि इलाज के दौरान बस चालक सुबेश मोहन की मौत हो गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही घायलों के परिजनों की हादसे की सूचना दे दी गई है।
(इनपुट - भाषा)
