बलिया में करंट की चपेट में आने से दो बहनों की मौत, लापरवाही के कारण हुआ हादसा, बिजली विभाग के 2 अधिकारियों पर मामला दर्ज

Ballia News: बलिया के सुखपुरा क्षेत्र में बुधवार को करंट की चपेट में आने से स्कूल से घर लौट रही दो बच्चियों की मौत हो गई। इस घटना में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बिजली विभाग के दो अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुखपुरा क्षेत्र में बुधवार को स्कूल से घर लौट रही दो सगी बहन बिजली के करंट की चपेट में आ गई, जिससे दोनों की मौत हो गई। इस मामले में बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी और जूनियर इंजिनियर के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। दोनों अधिकारियों को निलंबित करने के साथ अधिशासी अभियंता के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस ने बताया कि सुखपुरा थाना में बुधवार की रात्रि जीरा बस्ती गांव की सुनीता यादव की शिकायत पर बुधवार को बिजली विभाग के उप खंड अधिकारी अनिल राम और अवर अभियंता आशुतोष पांडेय के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 में नामजद मामला दर्ज किया गया है।

Police

बलिया में करंट की चपेट में आने से दो बहनों की मौत पर बिजली विभाग के अधिकारियों पर मामला दर्ज (फोटो - iStock)

बिजली विभाग के अधिकारियों के बीच मामला दर्ज

मामले का हवाला देते हुए बताया कि सुनीता यादव नामक महिला ने शिकायत की है कि उनकी बेटियां कक्षा नौ की छात्रा आंचल यादव (15) और कक्षा छह की छात्रा अलका यादव (12) स्कूल से घर लौट रही थी कि उप खंड अधिकारी अनिल राम और अवर अभियंता आशुतोष पांडेय की घोर लापरवाही के कारण बिजली के टूटे हुए तार से उतरे करंट की चपेट में आने से दोनों बच्चियों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने बिजली विभाग के दोनों आरोपी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

End of Feed