पद्मश्री और हॉकी के मशहूर खिलाड़ी मोहम्मद शाहिद ने पैतृक आवास पर बुलडोजर की कार्रवाई के बाद अब सियासत गर्म हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और आप सांसद संजय सिंह बुलडोजर कार्रवाई को लेकर यूपी की योगी सरकार को घेर रहे हैं। बुलडोजर कार्रवाई को मोहम्मद शाहिद का अपमान बता रहे हैं तो दूसरी ओर दिवंगत मोहम्मद शाहिद की पत्नी ने बुलडोजर कार्रवाई का समर्थन किया है। उनका कहना है कि उनकी सहमति से आवास पर बुलडोजर की कार्रवाई हुई है। कुछ नेता बेवजह, इस मामले को तूल दे रहे हैं।
मोहम्मद शाहिद के घर बुलडोजर की कार्रवाई से गरमाई सियासत
संदहा से लेकर गोलघर कचहरी तक लगभग छह किमी दूरी की सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। पुलिस लाइन चौराहे तक चौड़ीकरण का काम पूरा कर लिया गया है। इसके आगे पक्की बाजार में चौड़ीकरण का कार्य जारी है। बीते रविवार को इसी के तहत पद्मश्री और हॉकी के पूर्व ओलंपियन मोहम्मद शाहिद के घर बुलडोजर की कार्रवाई हुई। मकान के एक हिस्से को आंशिक रूप से तोड़ दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद यूपी की सियायत गर्म हो गई। कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और आप सांसद संजय सिंह ने बुलडोजर की कार्रवाई को खिलाड़ियों की अस्मिता से जोड़ दिया। बुलडोजर प्रकरण के बहाने यूपी सरकार को घेरने की कोशिश हुई। लेकिन विपक्ष के मंसूबे को मोहम्मद शाहिद की पत्नी परवीन ने नाकाम कर दिया। उनका कहना था कि लगभग दो साल पहले ही उन्होंने चौड़ीकरण प्रोजेक्ट पर अपनी सहमति दी थी। पिछले महीने मुआवजा भी मिल गया। अगर शहर के विकास के लिए सड़क चौड़ीकरण जरूरी है तो उन्हें एतराज नहीं है।
मोहम्मद शाहिद की पत्नी ने जेठ पर लगाया मारपीट का आरोप
परवीन की ये बातें मोहम्मद शाहिद के भाइयों को नागवार गुजर रही है। परवीन का आरोप है कि मंगलवार को जब वो पक्की बाजार घर से अपने पति के सामान को ले रही तभी उनके जेठ ने उनके ऊपर हमला कर दिया। परवीन के मुताबिक बुलडोजर कार्रवाई का समर्थन करने की सजा उनके परिवार के लोग दे रहे हैं। दरअसल मोहम्मद शाहिद के पैतृक आवास में नौ हिस्सेदार हैं। पांच भाइयों ने तो मकान छोड़ने पर सहमति दी थी लेकिन चार हिस्सेदारों ने चौड़ीकरण के खिलाफ कोर्ट से स्टे लिया है। ये सभी लोग सड़क चौडीकरण का विरोध कर रहे हैं।
