Varanasi Boarding School Girl Death: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक बोर्डिंग स्कूल के हॉस्टल में 12 साल की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा गुरुवार सुबह हॉस्टल की चौथी मंजिल से नीचे गिर गई। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन से लेकर पुलिस तक में अफरा-तफरी मच गई। सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुबह करीब पांच बजे बच्ची छत तक पहुंची कैसे?
वाराणसी में छात्रा की मौत (फोटो साभार- TNN)
सिवान की रहने वाली थी छात्रा
घटना लंका थाना क्षेत्र के शिवप्रसाद गुप्त कॉलोनी, लेन नंबर-3 स्थित ज्ञानदीप एकेडमी एंड हॉस्टल की है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह सूचना मिली कि हॉस्टल की छत से एक बच्ची नीचे गिर गई है। सूचना मिलते ही लंका पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में छात्रा को बीएचयू ट्रामा सेंटर ले गई। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृत छात्रा की उम्र 12 साल बताई जा रही है। वह बिहार के सिवान जिले की रहने वाली थी। हॉस्टल के कमरे में उसके साथ दो अन्य छात्राएं भी रहती थीं।
दो दिन पहले ही छठ से लौटी थी वापस
छात्रा छठ पर्व के बाद दो दिन पहले ही घर से वापस हॉस्टल लौटी थी। परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी काशी गौरव वंशवाल और एडीसीपी गौरव बांगर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हॉस्टल के कमरे, सीढ़ियों और छत का बारीकी से जायजा लिया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया गया है। टीम ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- जेल से बाहर आकर INDIA गठबंधन पर ही भड़क उठे आजम खान
सुबह 5 बजे छत पर कैसे पहुंची छात्रा?
पुलिस अब हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पहले छात्रा कहां थी, वह अकेले छत तक गई थी या उसके साथ कोई और भी था। पुलिस ने स्कूल के प्रबंधक त्रिभुवन सिंह और हॉस्टल की वार्डन प्रीति मिश्रा से भी पूछताछ की है। साथ ही हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं और कर्मचारियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। यह हादसा था, या इसके पीछे कोई और वजह है, इस पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज से स्थिति और साफ हो सकेगी।
