उत्तराखंड में कुदरत का कहर! देहरादून में बादल फटने से तबाही का मंजर, अब तक 15 लोगों की मौत और 16 लापता, 900 से ज्यादा रेस्क्यू

उत्तराखंड में देहरादून और आसपास के जिलों में बादल फटने और मूसलधार बारिश ने राज्य में तबाही मचा दी है। इस आपदा से प्रदेश में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई और 16 लोग लापता हैं। वहीं 900 से ज्यादा फंसे लोगों को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला। मृतकों में देहरादून के 13 लोग शामिल हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हालात का जायजा लिया और केंद्र सरकार ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

Uttarakhand Floods Update: मानसून विदाई के करीब पहुंचने के बावजूद उत्तराखंड में कहर बरपा रहा है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में सोमवार एवं मंगलवार की दरमियानी रात बादल फटने और भारी बारिश के कारण तबाही मच गयी। उफनती नदियों के कारण इमारतें, सड़कें और पुल बह गए, जिससे 15 लोगों की मौत हो गई, 16 लापता हो गए और इस पहाड़ी राज्य के विभिन्न स्थानों पर 900 लोग फंस गए। उत्तराखंड आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार कुल मौतों में से अकेले देहरादून जिले में 13 और नैनीताल एवं पिथौरागढ़ ज़िलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। राज्य की राजधानी के विभिन्न हिस्सों में 16 लोग लापता बताए गए हैं।

uttarakhand flood- pti

उत्तराखंड में मचा रही तबाही (PTI)

मुरादाबाद के 8 लोगों की मौत

अधिकारियों ने बताया कि देहरादून में हुई 13 मौतों में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के आठ निवासी भी शामिल हैं। वे विकासनगर तहसील में टोंस नदी को ट्रैक्टर-ट्रॉली से पार कर रहे थे, जो पानी के तेज बहाव में बह गई। उन्होंने बताया कि समूह के दो और लोग लापता हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड में वर्षाजनित घटनाओं में तीन लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

End of Feed