Uttarakhand Election Result 2025: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की मतगणना गुरुवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। पूरे राज्य में 10,915 पंचायत पदों के लिए वोटों की गिनती जारी है, जिसमें 34,151 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। मतगणना प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 15,024 कर्मचारियों की तैनाती की गई है, वहीं सुरक्षा के मद्देनजर 8,926 पुलिसकर्मी मतगणना केंद्रों पर मौजूद हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चुनाव में कुल 69.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसमें पुरुषों का मतदान प्रतिशत 64.23 और महिलाओं का 74.42 रहा। महिलाओं की भागीदारी का यह ऊंचा आंकड़ा राज्य में उनकी बढ़ती राजनीतिक जागरूकता का संकेत देता है। नैनीताल जिले में 74.25 प्रतिशत मतदान हुआ, जो राज्य के औसत से अधिक है और लोगों की लोकतांत्रिक भागीदारी को दर्शाता है।
उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025 (प्रतिकात्मक फोटो: iStock)
प्रक्रिया कड़ी निगरानी से संचालित
मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, धारा 144 लागू की गई है और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया कड़ी निगरानी में चल रही है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। रामनगर क्षेत्र की बात करें तो यहां 31 बीडीसी सदस्य, 3 जिला पंचायत सदस्य, 50 ग्राम प्रधान और कई वार्ड सदस्यों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस क्षेत्र में कुल 134 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे, जिनमें से 20 को संवेदनशील और 25 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया था।
20 चरणों में पूरी होगी मतगणना
रामनगर में 76,848 मतदाताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। चुनाव अधिकारी प्रमोद कुमार ने जानकारी दी कि मतगणना कुल 20 चरणों में संपन्न होगी, जिनमें से सात चरण निर्णायक माने जा रहे हैं। सबसे पहले ग्राम पंचायत के, फिर बीडीसी और अंत में जिला पंचायत के परिणाम घोषित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक नतीजे तीन से चार घंटे में मिल सकते हैं, हालांकि पूरी मतगणना प्रक्रिया में समय लगेगा।
(इनपुट - आईएएनएस)
