UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 23 December-2025: यूपी में गलन वाली ठंड लोगों को सता रही है। दिन में भी लोगों को कंपकंपी से राहत नहीं मिल रही है। कई जिलों में बीते कुछ दिनों से धूप नदारद है। दिनभर बदली छाई रहने के कारण ठिठुरन लगातार बढ़ रही है। हालांकि सोमवार को धूप के दर्शन हुए, लेकिन इसमें ठंड को मात देने वाला जोर नहीं था। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और रूम हीटर आदि का सहारा ले रहे हैं। सर्द हवाओं के चलते लोग रात को जल्दी ही घर में कंबल-रजाई में दुबक जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर घने कोहरे से विजिबिलिटी इतनी घट गई है कि सड़क पर पैदल चलने वालों को भी परेशानी हो रही है। सड़कों पर यातायात की रफ्तार भी धीमी है। ट्रेन-फ्लाइट सेवा भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
यूपी में कड़ाके की ठंड (istock)
यूपी में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। सुबह के समय बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर समेत कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अन्य जिलों में मध्यम से हल्का कोहरा छाया रह सकता है। 24 दिसंबर को भी यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है।
यूपी में क्रिसमस पर कैसा रहेगा मौसम
यूपी में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार क्रिसमस पर 25 दिसंबर को ठंड लोगों की कंपकंपी छुड़ाएगी। तापमान में लगातार हो रही गिरावट न्यू ईयर तक जारी रह सकती है। साथ ही पछुआ हवाओं के कारण गलन वाली ठंड का एहसास भी बना रह सकता है। इस दौरान मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। हालांकि घने कोहरे का अलर्ट पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में जारी किया गया है। अगले 2-3 दिनों में यूपी में अधिकतम तापमान में करीब 3-5 डिग्री सेल्सियस की अचानक बढ़ोत्तरी हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी दो दिनों में लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। जिसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने के आसार हैं।
बाराबंकी रहा यूपी का सबसे ठंडा शहर
IMD के अनुसार यूपी में सोमवार को सबसे ठंडा शहर बाराबंकी रहा, यहां का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं इटावा में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, शाहजहांपुर में 6.5 डिग्री, बुलंदशहर में 7 डिग्री, मेरठ में 7.4 डिग्री, सुल्तानपुर में 7,2 डिग्री और कानपुर शहर में 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
