UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 04-January-2026: उत्तर प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप जारी है। यूपी में पहाड़ों जैसी भीषण सर्दी का एहसास हो रहा है। कई जिलों में दिन में भी धूप के दर्शन नहीं हो रहे हैं। जिस कारण दिन में भी रात जैसी ठंड सता रही है। साथ ही बर्फीली हवाएं लोगों को घर में कैद रहने को मजबूर कर रही हैं। शहरों से ज्यादा ग्रामीण क्षेत्र में ठंड पड़ रही है। वहीं घने कोहरे के कारण यातायात की रफ्तार भी थमी हुई है। लोगों को सुबह अपने ऑफिस जाने में भी समस्या हो रही है। शनिवार को यूपी के 11 प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। सर्द हवाओं के कारण तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है।
यूपी में ठंड (सांकेतिक फोटो - istock)
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दोनों हिस्सों में घने कोहरे और शीतदिवस का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में 9 जिलों को छोड़कर शेष सभी जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। जिनमें से आगरा, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, संतरविदासनगर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र में अत्यंत घने से घने कोहरे की ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 37 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी के किन जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट
सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरेया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, रायबरेली, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या, अमेठी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, अंबेडकरनगर, गोरखपुर और इटावा।
बस्ती में रहा सबसे सर्द दिन
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को यूपी में रात का सबसे कम तापमान हरदोई में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद अलीगढ़ में 6.4 डिग्री, आगरा में 6.9 डिग्री, इटावा में 7.4 डिग्री, कानपुर में 7.2 डिग्री और बरेली में 8.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। यूपी में सबसे ठंडा दिन बस्ती में दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। जिसके बाद गोरखपुर में 14.3 डिग्री, बाराबंकी बमें 14.5 डिग्री, नजीबाबाद में 14.2 डिग्री और मुरादाबाद में 14.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
यूपी में अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार आने वाले दिनों में भी तेज ठंड और घने कोहरे का कहर जारी रहने की संभावना है। यूपी में 5 से 9 जनवरी के दौरान मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। इस दौरान कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया गया है। इस अवधि में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं धूप के दर्शन भी हो सकते हैं। जिससे ठंड से भीषण ठंड के बीच मौसम बना रह सकता है।
