Lucknow Darshan Bus: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का पर्यटन अब सिर्फ ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि यह सुशासन, महिला सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों को सामने लाने का भी एक प्रभावी माध्यम बन गया है। इसी दिशा में राजधानी लखनऊ में 7 जनवरी से ‘लखनऊ दर्शन’ इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा शुरू की जा रही है। यह सेवा पर्यटकों को शहर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ प्रदेश की सुदृढ़ कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा व्यवस्था की झलक भी दिखाएगी। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह 6 जनवरी को इस ‘लखनऊ दर्शन’ इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यूपी टूरिज्म ने ‘लखनऊ दर्शन’ इलेक्ट्रिक डबल-डेकर बस पेश की (फोटो: UP Tourism)
महिला सशक्तिकरण की सफलता का प्रतीक
‘लखनऊ दर्शन’ बस सेवा की शुरुआत महिला सुरक्षा का प्रतीक बन चुके 1090 चौराहे से की जा रही है। यह केवल कोई संयोग नहीं है, बल्कि सरकार की उस दूरदर्शी रणनीति का हिस्सा है, जिसमें पर्यटन को सामाजिक जागरूकता से जोड़ा गया है। 1090 चौराहा आज लखनऊ की पहचान के साथ-साथ मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण की सफलता का भी प्रतीक बन चुका है। इस स्थान से यात्रा शुरू करने का उद्देश्य पर्यटकों को यह संदेश देना है कि उत्तर प्रदेश में विकास के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस दृष्टिकोण पर आधारित है सेवा
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) द्वारा संचालित यह सेवा पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक शहरी पर्यटन और सुरक्षित यात्रा के दृष्टिकोण पर आधारित है। इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस न केवल प्रदूषण-मुक्त यात्रा का अनुभव कराएगी, बल्कि लखनऊ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नए और आकर्षक अंदाज में पेश करेगी। दो सफल मॉक ड्रिल के बाद यह सेवा अब 7 जनवरी से नियमित रूप से शुरू हो रही है।
ये रहेगा टाइम शेड्यूल
पर्यटकों के लिए यह सिटी टूर सुबह 8:30 से 11:30 बजे और शाम 4:00 से 7:00 बजे तक उपलब्ध रहेगा। सुबह की यात्रा 1090 चौराहे से शुरू होकर राजभवन, जीपीओ और हजरतगंज होते हुए बेगम हजरत महल पार्क, ग्लोब पार्क, छतर मंजिल और रेजीडेंसी तक जाएगी, जहां लगभग 40 मिनट का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद बस सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा से होते हुए हजरतगंज लौटेगी, जहां विधान सभा भवन का विशेष भ्रमण होगा।
क्या रहेगा खास आकर्षण?
इसके पश्चात यात्रा राजभवन और कैथेड्रल चर्च के रास्ते यूपी दर्शन पार्क तक जाएगी और फिर अंबेडकर पार्क तथा गोमती रिवर फ्रंट के खूबसूरत मार्गों से होकर 1090 चौराहे पर समाप्त होगी। शाम के समय रेजीडेंसी का लाइट एंड साउंड शो इस यात्रा का विशेष आकर्षण रहेगा। कुल मिलाकर, ‘लखनऊ दर्शन’ डबल डेकर बस सेवा लखनऊ की विरासत, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा के साथ-साथ योगी सरकार के सुशासन के दृष्टिकोण को भी प्रभावी रूप से प्रदर्शित करेगी।
