UP Teacher Shot Dead : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक सिरफिरे युवक ने स्कूल में महिला टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी। इस गोलीकांड को सिरफिरे ने बच्चों के सामने अंजाम दिया। बाद में उसने खुद को भी गोली मारकर अपना जीवन समाप्त कर लिया। जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त महिला अध्यापक बच्चों को पढ़ा रही थी। तभी सिरफिरा युवक वहां पहुंचा और महिला अध्यापक को दौड़ाकर तीन गोलियां मारी। प्रेम प्रसंग के बीच बिगड़ी बात को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
लखीमपुर खीरी में सनसनीखेज वारदात।
चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल में हुई घटना
रिपोर्टों के मुताबिक मृतका की पहचान 26 वर्षीय निशात फातिमा के रूप में हुई है, जो सदर कोतवाली क्षेत्र के हिदायत नगर इलाके की रहने वाली थीं। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद सऊद के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, स्कूल परिसर को सुरक्षित किया और मामले की जांच शुरू कर दी। मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचीं खीरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ख्याति गर्ग के मुताबिक, घटना शहर के चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल में हुई।
मौजूद बच्चों के सामने महिला टीचर को गोली मारी
गर्ग ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे सऊद फातिमा से मिलने के लिए स्कूल परिसर में दाखिल हुआ और वहां मौजूद बच्चों के सामने उन्हें गोली मार दी। उन्होंने बताया कि फातिमा करीब एक साल से इस स्कूल में पढ़ा रही थीं। गर्ग ने स्कूल के बाहर पत्रकारों से कहा, 'वह उनसे मिलने आया था और सीढ़ियों से होते हुए कॉरिडोर में उनसे बात करने पहुंचा। दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी उसने अपने बैग से बंदूक निकाली और उन्हें गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।'
अपराध के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस के मुताबिक, फातिमा और सऊद एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और दोनों के बीच नियमित रूप से बातचीत होती थी। घटना वाले कॉरिडोर को पुलिस ने घेराबंदी कर सील कर दिया। पुलिसकर्मियों को छात्रों को स्कूल से बाहर ले जाते हुए देखा गया। बाद में फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत जुटाए। महिला और पुरुष दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गर्ग ने कहा कि अपराध के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस स्कूल प्रशासन, शिक्षकों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए महिला और पुरुष दोनों के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
