Sultanpur News: उत्तर प्रदेश में अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने एक लाख रुपये का इनामी अपराधी तालिब उर्फ आजम खान मारा गिराया। यह कार्रवाई लखीमपुर खीरी और सुल्तानपुर पुलिस की संयुक्त टीम की सफलता है। पुलिस अधिकारी ने बताया मारे गए इस इनामी बदमाश पर संगीन अपराधों के कई मामले दर्ज थे। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
सुल्तानपुर में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर
पुलिस से बचने के लिए की गोलीबारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक लाख का इनामी बदमाश तालिब लंभुआ इलाके से गुजरने वाला है। इस सूचना के आधार पर लखीमपुर खीरी और स्थानीय पुलिस ने जाल बिछाया और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देख तालिब ने आत्मसमर्पण करने के बजाय फरार होने की कोशिश की। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस की टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश की ओर से हुई अचानक गोलीबारी में पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। बदमाशों की फायरिंग के बचाव कर पुलिस की टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
दोनों ओर से फायरिंग के दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपी तालिब गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे तत्काल हिरासत में लिया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी और डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मारा गया अपराधी मूल रूप से लखीमपुर खीरी जिले के थाना फरधान क्षेत्र का निवासी था।
आरोपी पर कई आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, तालिब उर्फ आजम खान एक शातिर अपराधी था। उस पर लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में हत्या, लूट और रंगदारी जैसे मामले दर्ज थे। उसकी बढ़ती अपराधिक गतिविधियों के कारण ही प्रशासन ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले में नियमानुसार अग्रिम कानूनी प्रक्रिया और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
