Lucknow Traffic: उत्तर प्रदेश विधान मंडल का मानसून सत्र आज यानी सोमवार से शुरू हो गया है। सत्र के दौरान राजधानी में यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने के लिए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। डीसीपी यातायात रवीना त्यागी ने बताया कि यह डायवर्जन व्यवस्था विधानसभा सत्र समाप्त होने यानी 6 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए कई प्रमुख चौराहों पर रूट डायवर्ट किए गए हैं, जबकि आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष ढील दी गई है।
6 अगस्त तक बदला रहेगा ट्रैफिक
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगी पूर्ण रोक
विधानसभा सत्र के दौरान शहर के मुख्य हिस्सों में सामान्य वाहनों और सिटी/रोडवेज बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
राजभवन और हजरतगंज मार्ग: बंदरियाबाग चौराहा से राजभवन, डीएसओ चौराहा, हजरतगंज चौराहा, जीपीओ मोड़ और विधानसभा की ओर वाहनों का जाना प्रतिबंधित रहेगा।
विधानसभा मार्ग: डीएसओ चौराहा से हजरतगंज, जीपीओ पार्क व विधानसभा मार्ग पर रोक रहेगी।
शाही होटल व कैंट मार्ग: रॉयल होटल चौराहा से विधानसभा के सामने होकर हजरतगंज चौराहा जाने वाले रास्तों को बंद रखा गया है।
बसों की आवाजाही पर पाबंदी: महानगर की ओर से संकल्प वाटिका, चारबाग/केकेसी तिराहा तथा गोमतीनगर की तरफ से आने वाली रोडवेज व सिटी बसें सिकंदरबाग या हजरतगंज की तरफ नहीं जा सकेंगी।
परिवर्तन चौक व हिंदी संस्थान: परिवर्तन चौक और हिंदी संस्थान तिराहा से हजरतगंज होकर विधानसभा जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे।
ये रहेंगे आपके वैकल्पिक रास्ते
ट्रैफिक डायवर्जन को देखते हुए वाहन चालकों के लिए निम्नलिखित वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। बंदरियाबाग से जाने वाला ट्रैफिक लालबत्ती चौराहा, कैंट, गोल्फ क्लब चौराहा या 1090 (गांधी सेतु) चौराहा होकर निकल सकेगा। डीएसओ चौराहा से वाहन पार्क रोड और मेफेयर तिराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। रॉयल होटल चौराहा से वाहन कैसरबाग चौराहा, परिवर्तन चौक, सुभाष चौराहा, चिरैयाझील या बर्लिंगटन चौराहा होते हुए सदर ओवरब्रिज/कैंट की ओर से जा सकेंगे। चारबाग/केकेसी से आने वाली बसें: यह बसें लोको चौराहा, कैंट या बर्लिंगटन चौराहा से कैसरबाग होकर निकलेंगी। गोमतीनगर व महानगर की बसें बैकुंठ धाम, संकल्प वाटिका ओवरब्रिज, चिरैयाझील तिराहा होकर कैसरबाग या 1090 चौराहा, बंदरियाबाग होकर कैंट की तरफ से जा सकेंगी। सिकंदरबाग चौराहा से वाहन वाईएमसीए चौराहा, यूपीटेक चौराहा, बालू अड्डा, गांधी सेतु (1090) चौराहा या चिरैयाझील होकर निकल सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट, हेल्प लाइन नंबर जारी
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, वैकल्पिक मार्ग का अभाव होने की स्थिति में प्रतिबंधित रास्तों पर भी एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी। इमरजेंसी में सहायता या जानकारी के लिए नागरिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।
