Kanpur student letter to PM Modi: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाले एक युवा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र, आशुतोष यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Pm Modi) को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने दुनिया भर में चल रहे युद्ध, तनाव और उससे पैदा हुए आर्थिक संकट के बीच पीएम मोदी के नेतृत्व पर अपना अटूट भरोसा जताया है। यह पत्र सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा बटोर रहा है।
पूरे परिवार ने भेजा प्रधानमंत्री को आशीर्वाद
आशुतोष ने अपने पत्र में लिखा कि आज दुनिया भर में जो उथल-पुथल मची है, उसका असर व्यापार और ईंधन की सप्लाई पर साफ दिख रहा है। ऐसे मुश्किल समय में भी प्रधानमंत्री मोदी ने देश को आत्मनिर्भर बनाने और राष्ट्रहित को सबसे आगे रखने की जो सीख दी है, वह करोड़ों भारतीयों के लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं है। युवा छात्र ने संकल्प लेते हुए कहा कि उनके परिवार ने विदेशी सामानों पर अपनी निर्भरता कम करने का फैसला किया है ताकि देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर कोई फालतू दबाव न पड़े।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: फ्रांस में 'भारत इनोवेट्स' का उद्घाटन और स्लोवाकिया का करेंगे पहला दौरा, दो देशों की यात्रा पर रवाना हुए पीएम मोदी
'आपकी सादगी और त्याग की भावना सच में प्रेरणादायक'
इस पत्र का सबसे भावुक हिस्सा वह था, जहां आशुतोष ने मीडिया में चल रही पीएम मोदी (PM Modi) की सुरक्षा खर्चों में कटौती (PM Modi security cuts) की खबरों पर चिंता जताई। आशुतोष ने लिखा, "आपकी सादगी और त्याग की भावना सच में प्रेरणादायक है, लेकिन आपकी सुरक्षा हमारे लिए सबसे पहली प्राथमिकता है। देशवासी हर कठिनाई सह सकते हैं, लेकिन अपने प्रधानमंत्री की सुरक्षा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं करेंगे।" उन्होंने आगे लिखा कि देश की जनता जरूरत पड़ने पर भूखी भी सो सकती है, लेकिन भारत के स्वाभिमान और पहचान पर आंच नहीं आने देगी।
साल 2047 तक भारत बनेगा एक विकसित राष्ट्र-आशुतोष
कोरोना महामारी के कठिन दौर को याद करते हुए आशुतोष ने कहा कि जिस तरह पीएम मोदी ने उस संकट में देश को संभाला और उम्मीद की किरण दिखाई, उसी भरोसे के दम पर भारत साल 2047 तक एक विकसित राष्ट्र जरूर बनेगा। आशुतोष ने इस पत्र में अपने पूरे परिवार- दादी इंद्राणी देवी, पिता श्याम सिंह और माता सुधा यादव की तरफ से प्रधानमंत्री को ढेर सारा आशीर्वाद और शुभकामनाएं भेजी हैं। साथ ही, उन्होंने अपने दिवंगत छोटे भाई अभिषेक यादव को भी याद किया, जिसके लिए पीएम मोदी हमेशा से एक आदर्श थे।
