यूपी में आज का मौसम (23 March 2026): उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश पर ब्रेक लग गया है। लेकिन बारिश का सिलसिला अभी थमा नहीं है। तीन दिन बाद फिर से यूपी में बारिश का मौसम देखने को मिल सकता है। बीते दिनों प्रदेश में हुई बारिश ने गर्मी के मौसम से बड़ी राहत दिलाई है। तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में यूपी में सबसे गर्म जिला झांसी दर्ज किया गया, जिसका अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा। जिसके बाद अयोध्या में 33 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। मार्च की शुरुआत में राज्य का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच रहा था। लेकिन बारिश ने गर्मी के तेवर ठंडे कर दिए। हालांकि अब मौसम साफ होने के बाद एक बार फिर तापमान में इजाफा दर्ज किया जा सकता है।
यूपी का मौसम
आज यूपी का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में आज पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं भी आंधी या बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आसमान साफ रहने के कारण दिन में धूप की तपिश बढ़ सकती है। जिससे गर्मी का एहसास भी बना रह सकता है। राज्य में अगले दो दिन तक ऐसा ही शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। जिसके बाद फिर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
यूपी में 3 दिन बाद बारिश के आसार
IMD के अनुसार 26 मार्च से उत्तर पश्चिम भारत को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है। जिसका असर यूपी के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। इसके कारण राज्य में एक बार फिर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 26 मार्च को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क बना रहेगा। जिसके बाद 27 मार्च को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। लेकिन पूर्वी संभाग में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 28 मार्च को भी पश्चिमी यूपी में बारिश और पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
यूपी में तापमान में आएगा उछाल
यूपी में बारिश का मौसम थमने के बाद अब एक बार फिर तापमान में उछाल देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों में पूर्वी संभाग के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 7-10 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में अधिकांश भागों में 4-7 डिग्री सेल्सियस का इजाफा दर्ज किया जा सकता है। इसके बाद कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नही हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में भी फिलहाल तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
