Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर और उनकी पत्नी की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। दंपती के शव आज यानी मंगलवार 29 सितंबर की सुबह कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी दड़िया गांव स्थित उनके निजी स्कूल परिसर में खून से लथपथ मिले। बता दें कि दंपति यहां अपना एक प्राइवेट स्कूल चलाते थे।
सुल्तानपुर में सरकारी स्कूल के हेडमास्टर और उनकी पत्नी की हत्या
मृतक मुकेश सिंह 45 वर्ष के थे और खनुहट के कंपोजिट विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर तैनात थे। वह लंबे समय से शिक्षक संघ की गतिविधियों में एक्टिव थे और ब्लॉक शिक्षक संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस बार भी वह शिक्षक संघ का चुनाव लड़ रहे थे। कल यानी बुधवार 30 सितंबर को मतदान होना था, लेकिन 28 सितंबर को चुनाव स्थगित कर दिया गया।
मुकेश की पत्नी विनीता सिंह 43 वर्ष की थीं और गांव में मनराजी शिक्षण संस्थान चलाती थीं। उन्होंने पूर्व में जिला पंचायत का चुनाव भी लड़ा था। दंपती का इकलौता बेटा अभ्युदय दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है।
पत्नी से 150 मीटर दूर पड़ा मिला मुकेश का शव
आज यानी मंगलवार सुबह लगभग 7 बजे स्कूल वैन का ड्राइवर राकेश यादव गाड़ी की चाबी लेने पहुंचा। स्कूल के एक कमरे में उसने विनीता का शव देखा। पास में खून से सना फावड़ा पड़ा था। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो विनीता के शव से लगभग 150 मीटर दूर मुकेश का शव भी मिला।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि विनीता पर स्कूल के कमरे में हमला किया गया। इसके बाद मुकेश ने बचने के लिए भागने की कोशिश की होगी और हमलावरों ने पीछा कर कुछ दूरी पर उनकी हत्या कर दी होगी। हालांकि, पुलिस ने अभी इस थ्योरी की पुष्टि नहीं की है।
2009 में सहायक अध्यापक बने थे मुकेश
पुलिस चुनावी रंजिश और जमीन विवाद सहित कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। मुकेश साल 2009 में सहायक अध्यापक बने थे और 2013 से लगातार शिक्षक संघ के अध्यक्ष पद से जुड़े रहे। वहीं विनीता ने साल 2002 में गांव में शिक्षण संस्थान शुरू किया था।मुकेश के पिता राम बदन सिंह किसान थे। परिवार के पास करीब 35 बीघा पैतृक जमीन बताई जा रही है। मुकेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई अवधेश सिंह गाजीपुर के एक पीजी कॉलेज में शिक्षक हैं, जबकि दूसरे भाई अखिलेश सिंह लखनऊ कोऑपरेटिव बैंक में कार्यरत हैं।
ये भी पढ़ें - चिराग पासवान बोले - सिलेक्टिव क्रिटिसिज्म क्यों, SIR प्रक्रिया में दिक्कत है तो प्रियंका गांधी चुनाव कैसे जीतीं?
पुलिस टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना पर एसपी विनीत जायसवाल और सीओ कादीपुर विनय गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस ने कई टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि पति-पत्नी के शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची है। कई टीमें गठित कर लगातार जांच की जा रही है। परिवार के लोगों से भी संपर्क किया गया है और जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
