UP Elections 2026: बहुजन समाज पार्टी (BSP) के राष्ट्रीय समन्वयक और मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में एक जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह अखिलेश यादव का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन उन्हें ईमानदारी से आज तक यह समझ नहीं आया कि अखिलेश करना क्या चाहते हैं और शायद उन्हें खुद भी नहीं मालूम कि वह क्या करना चाहते हैं।
बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद (फोटो साभार: BSP/YT)
आकाश आनंद ने PDA को लेकर सपा को घेरा
आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि सपा गिरगिट की तरह रंग बदलती है। उन्होंने कहा कि कल तक सपा के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे में 'P' का मतलब 'पिछड़ा' था, लेकिन जैसे ही ब्राह्मण समाज बसपा से जुड़ने लगा, रातोंरात 'P' का मतलब 'पंडित' कर हो गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आते-आते 'P' का मतलब 'पता नहीं' हो जाएगा और पीछे कतार में बैठे 'D' (दलित) तथा 'A' (अल्पसंख्यक) घबरा रहे हैं कि कहीं उनका नंबर न कट जाए।
इस दौरान, आकाश आनंद ने अयोध्या की बीकापुर विधानसभा सीट से जितेंद्र सिंह बबलू को बसपा का उम्मीदवार भी घोषित किया।
'अखिलेश यादव मांगें माफी'
आकाश आनंद ने आगरा में आयोजित दलित सम्मेलन का जिक्र करते हुए सपा के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव और अखिलेश यादव से दलित समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी की मांग की। दरअसल, आगरा में 15 नवंबर को आयोजित सपा के दलित सम्मेलन में रामगोपाल यादव ने शोर मचा रहे युवाओं को 'मूर्ख' कहा था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: राहुल गांधी, वोट चोरी और घुसपैठ... हिमंत बिस्वा सरमा ने खोले कई राज, कहा- सुबह-सुबह कांग्रेस नेता ने किया था मैसेज
ऐसे में आकाश आनंद ने मांग की कि इस अपमानजनक शब्द के लिए रामगोपाल यादव और अखिलेश यादव को दलित समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी।
